MP में हादसों का शनिवार: आगर मालवा में डूबने से 8 श्रद्धालुओं की मौत, सागर में बस-कार भिड़ंत में 4 ने गंवाई जान

आगर मालवा में डूबने से 8 श्रद्धालुओं की मौत, सागर में बस-कार भिड़ंत में 4 ने गंवाई जान
मध्यप्रदेश में शनिवार का दिन हादसों के नाम रहा। पहला हादसा आगर मालवा जिले में हुआ, जहां के स्थित प्रसिद्ध बगुलामुखी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं से भरी कार बरसाती नाले में बहने से 8 लोगों की मौत हो गई। दूसरा हादसा सागर में हुआ।

डिजिटल डेस्क, सागर। मध्यप्रदेश में शनिवार का दिन हादसों के नाम रहा। पहला हादसा आगर मालवा जिले में हुआ, जहां के प्रसिद्ध बगुलामुखी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं से भरी कार बरसाती नाले में बहने से 8 लोगों की मौत हो गई। दूसरा हादसा सागर में हुआ।

जिले के बहेरिया थाना इलाके में गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास एक चार्टर्ड बस और कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

कार के उड़े परखच्चे

बताया जा रहा है कि कार बहेरिया पेट्रोल पंप से निकलकर मेन रोड पर पहुंची थी। इसी दौरान जबलपुर की तरफ से आ रही चार्टर्ड बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। ये टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

कार से टक्कर के बाद बस भी अनकंट्रोल होकर सड़क से नीचे उतर गई। घटना के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

चार लोगों की मौत, एक घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मकरोनिया के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। कार में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं, एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में घायल एक अन्य कार सवार की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान प्रशांत जैन, मुन्ना जैन और विकास के रूप में हुई है। वहीं इलाज के दौरान जिस शख्स की मौत हुई, उसका नाम तो अभी सामने नहीं आ सका है, लेकिन वह हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है।

बहेरिया थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और फरार हुए चार्टर्ड बस ड्राइवर की तलाश में जुट गई है।

Created On :   19 Sept 2026 5:05 PM IST

Tags

Next Story