MP Petrol Pump: मप्र में पेट्रोल पंपों पर 2000 रुपए से ज्यादा का UPI पेमेंट नहीं होगा स्वीकार, एसोसिएशन का फैसला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल भरवाने वाले लोगों के लिए UPI भुगतान से जुड़ा एक अहम बदलाव होने जा रहा है। जिसके अनुसार, ग्राहक 2,000 रुपए से अधिक का UPI भुगतान नहीं कर सकेंगे। यदि ईंधन का बिल दो हजार रुपए से अधिक बनता है तो आपको इसके लिए कैश देना होगा। यह फैसला मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने लिया है। प्रदेश में पेट्रोल पंपों पर डिजिटल भुगतान का यह नया नियम 16 अक्टूबर से लागू होगा। क्या है पूरा मामला? आइए जानते हैं...
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरा मामला UPI लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू होने से जुड़ा हुआ है। मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह के अनुसार, 2,000 रुपए से अधिक के UPI लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू होने से डीलर्स पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा है। ईंधन को रियायती श्रेणी में रखने के बावजूद 2,000 रुपए से अधिक के प्रत्येक लेन-देन पर 5 रुपए का फिक्स MDR लिया जा रहा है। इस पर 18 प्रतिशत GST जुड़ने के बाद प्रति लेनदेन 5.90 रुपए का अतिरिक्त खर्च पेट्रोल पंप संचालकों पर पड़ रहा है।
एक पंप पर कितना बढ़ा बोझ
एसोसिएशन ने इस खर्च का आंकड़ा भी बताया है। अजय सिंह के अनुसार, एक पेट्रोल पंप पर औसतन रोजाना 2,000 रुपए से अधिक के करीब 100 UPI ट्रांजेक्शन होते हैं। इस हिसाब से प्रतिदिन एक पंप पर लगभग 590 रुपए का अतिरिक्त खर्च आता है। यदि इस खर्च को पूरे महीने के हिसाब से देखें तो यह राशि लगभग 17,400 रुपए हो जाती है।
प्रदेश में कुल कितने पेट्रोल पंप
एसोसिएशन के अनुसार, प्रदेश के करीब 4,700 पेट्रोल पंप हैं। यदि हर दिन पड़ने वाले अतिरिक्त खर्च को इन पेट्रोल पंप के साथ जोड़कर देखा जाए तो महीने में कुल मिलाकर डीलर्स की जेब से करीब 8.17 करोड़ रुपए निकलेगा। डीलर्स का कहना है कि पेट्रोल-डीजल व्यवसाय में पहले ही काफी कम कमिशन मिलता है। ऐसे में इस अतिरिक्त खर्च का वहन करना संभव नहीं है।
यह भी पढ़े -UPI पर चार्ज की खबर से कन्फ्यूज न हों, दोस्त को 1 लाख भेजने पर भी चार्ज रहेगा ₹0, कुछ बड़े मर्चेंट पेमेंट पर लगेगा MDR, जानिए नए नियम
UPI लेनदेन से इनकार नहीं
एसोसिएशन ने साफ किया है कि भारतीय मुद्रा (नकद) लेने से इनकार करना कानूनी अपराध है, लेकिन डिजिटल भुगतान स्वीकार करने का कोई कानूनी दबाव या बाध्यता नहीं है। इसी आधार पर एसोसिएशन ने 2,000 रुपए से अधिक के UPI भुगतान को बंद करने का फैसला लिया है। हालांकि, छोटे भुगतान यानि कि 2000 रुपए से कम के UPI भुगतान सामान्य रुप से स्वीकार होंगे।
Created On :   19 Sept 2026 1:42 PM IST













