- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP की तीनों सीटों पर बीजेपी की...
राज्यसभा चुनाव 2026: MP की तीनों सीटों पर बीजेपी की निर्विरोध जीत, रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को मिला जीत का सर्टिफिकेट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए हैं। निर्वाचन आयोग से तीन उम्मीवार रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को जीत का सर्टिफिकेट मिल गया है। आज (11 जून) दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापसी की डेट थी। समय पूरा होने के बाद चुनाव आयोग ने विजयी उम्मीदवारों को जीत का सर्टिफिकेट दे दिया।
बता दें कि राज्य की तीन सीटों पर तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल, मीनाक्षी और महेश केवट मैदान में थे। इनमें से बीजेपी के रजनीश अग्रवाल और तरुण चुघ का निर्विरोध चुना जाना तय था। तीसरे सीट के लिए कांग्रेस मीनाक्षी नटराजन और बीजेपी के महेश केवट मैदान में थे। लेकिन, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद इस सीट पर चुनाव की जरुरत ही नहीं पड़ी और महेश केवट को विजयी घोषित कर दिया।
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के खिलाफ कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट पहुंची। कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक के लिए टाल दी थी। इसके बाद तीनों सीटों पर बीजेपी की जीत घोषित कर दी।
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान कांग्रेस के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि मामले पर आज ही सुनवाई की जरूरत है क्योंकि नामांकन वापसी के लिए दोपहर 3 बजे तक का ही समय है। इस पर चुनाव आयोग ने कहा- हमें इस याचिका की कॉपी ही नहीं दी गई है। इसे पढ़ने के लिए समय की जरूरत है। इसके जवाब में सिंघवी ने कहा- सुनवाई भले ही कल हो जाए लेकिन तब तक परिणाम घोषित न किया जाए। इसके बाद अदालत ने कहा- ऐसे मामलों में कानून पहले से तय है। याचिका को कल के लिए सूचीबद्ध किया जाता है।
यह भी पढ़े -मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द होने पर गरमाई सियासत, सड़क से लेकर सोशल मीडिया और चुनाव आयोग तक कांग्रेस का वार
बता दें कि कांग्रेस ने इस याचिका को बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 1 बजकर 48 मिनट पर डिजिटल माध्यम से दायर किया था। कांग्रेस ने याचिका में कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर का फैसला पक्षपातपूर्ण था, जिसे रद्द किया जाए।
Created On :   11 Jun 2026 4:15 PM IST









