MP News: भोपाल से CEC रवाना, 10 घंटे बाद जागी कांग्रेस, पीसीसी के सामने फूंका ज्ञानेश कुमार का पुतला

भोपाल से CEC रवाना, 10 घंटे बाद जागी कांग्रेस, पीसीसी के सामने फूंका ज्ञानेश कुमार का पुतला
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के भोपाल से दिल्ली रवाना होने के करीब 10 घंटे बाद कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के भोपाल से दिल्ली रवाना होने के करीब 10 घंटे बाद कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध जताया।

2 दिन से भोपाल में थे ज्ञानेश कुमार

CEC ज्ञानेश कुमार अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन से भोपाल में थे। वे आज सुबह करीब 8:30 बजे फ्लाइट से भोपाल से दिल्ली रवाना हो गए। इसके बाद शाम करीब 5 बजे कांग्रेस खेमे में प्रदर्शन की तैयारी शुरू हुई। आनन-फानन में कार्यकर्ताओं को पीसीसी पहुंचने का संदेश भेजा गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भी प्रदर्शन में पहुंचने की सूचना दी गई।

करीब 6 बजे दो दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ता पीसीसी के सामने जुटे और पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।

कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के भोपाल से जाने की जानकारी उन्हें देर से मिली। उनका कहना था कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त के ठहरने की जगह पर प्रदर्शन करने वाले थे, लेकिन जानकारी देर से मिलने के कारण प्रदर्शन बाद में किया गया।

कांग्रेस का सूचना तंत्र कमजोर!

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सूचना तंत्र कितना कमजोर है, इसका अंदाजा इसी घटनाक्रम से लगाया जा सकता है। ज्ञानेश कुमार के भोपाल से रवाना होने के करीब 10 घंटे बाद कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया, जबकि बीते दिन से ही भोपाल के कुछ पत्रकार ज्ञानेश कुमार के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर रहे थे। ऐसा लगता है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सूचना तंत्र की नजर इन तस्वीरों पर नहीं पड़ी। बहरहाल, आनन-फानन में ही सही, कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने में सफल रही।

Created On :  

Tags

Next Story