MP News: मांगों को लेकर वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों का 26वें दिन भी आंदोलन, प्रदर्शन

मांगों को लेकर वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों का 26वें दिन भी आंदोलन, प्रदर्शन
मप्र में शिक्षक भर्ती परीक्षा 2025 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर भोपाल में वर्ग -2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों का आंदोलन 26 वें दिन भी जारी रहा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र में शिक्षक भर्ती परीक्षा 2025 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर भोपाल में वर्ग -2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों का आंदोलन 26 वें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को अभ्यर्थियों ने नीलम पार्क से लेकर लोक शिक्षण संस्थान तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने पद बढ़ाने की मांग की। वहीं पद वृद्धि की मांग को लेकर पांच दिनों से निर्जला उपवास पर बैठे अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत को ठेले पर लिटाकर लाया गया। अभ्यर्थी मांगो की तख्तियां लेकर डीपीआई पहुंचे थे। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं की जाती आंदोलन जारी रहेगा।

अभ्यर्थियों ने कहा कि वर्ग 2 में 10 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाए जाएं। दूसरी काउंसलिंग जल्द शुरू की जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि विधानसभा में शिक्षकों के पद खाली होने की जानकारी दी गई थी। लगभग 2 लाख 89 हजार पांच स्वीकृत पदों में से मात्र 1 लाख 74 हजार 419 पद ही भरे गए हैं। जबकि 1.5 लाख पद अभी भी खाली हैं। 1900 से ज्यादा स्कूल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं।

46 हजार से ज्यादा स्कूलों में दो ही शिक्षक कार्य कर रहे। शिक्षक कई विषय पढ़ा रहे हैं। आपको बता दें अभ्यर्थियों के आंदोलन को विपक्ष का भी समर्थन मिला है। आंदोलनकारियों से मिलने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी धरना स्थल पर पहुंचे थे। जहां उनको आश्वासन दिया गया था कि जल्द उनकी समस्याओं का हल निकाला जाएगा। दिग्विजय सिंह ने अनशन खत्म करने के लिए अभ्यर्थियों से कहा था। शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से दिग्विजय सिंह की मामले को लेकर चर्चा भी हो चुकी है। लेकिन हल निकलता नहीं देख अभ्यर्थियों ने डीपीआई में प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि 11 महीने से पद वृद्धि की मांग की जा रही लेकिन अब तक सरकार की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पद बढ़ाने के साथ दूसरी काउंसलिंग तक वे आंदोलन में डटे रहेंगे। जरूरत पड़ने पर वे शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री निवास का भी घेराव करेंगे।

Created On :   16 Sept 2026 11:49 PM IST

Tags

Next Story