दतिया उपचुनाव 2026: रिजल्ट से एक दिन पहले कांग्रेस का बड़ा एक्शन, राजेंद्र भारती को पार्टी से किया सस्पेंड, घनश्याम सिंह ने लगाया था भितरघात का आरोप

रिजल्ट से एक दिन पहले कांग्रेस का बड़ा एक्शन, राजेंद्र भारती को पार्टी से किया सस्पेंड, घनश्याम सिंह ने लगाया था भितरघात का आरोप
दतिया विधानसभा सीट उपचुनाव का परिणाम सोमवार (3 अगस्त) को आने वाला है। इससे एक दिन पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस ने बड़ा एक्शन लिया है। पार्टी ने दतिया से पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को सस्पेंड कर दिया है।

डिजिटल डेस्क, दतिया। दतिया विधानसभा सीट उपचुनाव का परिणाम सोमवार (3 अगस्त) को आने वाला है। इससे एक दिन पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस ने बड़ा एक्शन लिया है। पार्टी ने दतिया से पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को सस्पेंड कर दिया है। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव और मप्र पार्टी प्रभारी हरीश चौधरी ने आदेश जारी कर दिया है।

कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने 30 जुलाई को मतदान के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेताओं को लिखित शिकायत भेजी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि भारती ने भिरतघात किया है। पूर्व विधायक ने चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया है। उनकी इस शिकायत के बाद मप्र कांग्रेस प्रभारी ने ये एक्शन लिया।

उनकी ओर से जारी एक पत्र में कहा गया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंज़ूरी से, दतिया के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को तत्काल प्रभाव से इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाता है।

'मुझे चुनाव हराने की साजिश रची' - घनश्याम सिंह

घनश्याम सिंह ने राजेंद्र भारती पर आरोप लगाया था कि उन्होंने चुनाव में उनके पक्ष में काम नहीं किया। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि पूर्व विधायक ने भाजपा से फंडिंग ली और मुझे चुनाव हराने की साजिश रची। उन्होंने अपने समर्थकों के माध्यम से मतदाताओं के बीच पैसा बांटा और कांग्रेस के पक्ष में वोट न करने के लिए कहा। वहीं, घनश्याम सिंह के आरोपों राजेंद्र भारती ने कहा कि वह कायर और डरपोक हैं। वह अपनी संभावित हार से डरे हुए हैं।

सोमवार को आएगा रिजल्ट

दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह से शुरू होगी। इस चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। इस चुनाव को जीतने के लिए दोनों ही दलों ने अपनी पूरी ताकत लगाई है। बड़े-बड़े नेता प्रचार करने पहुंचे।

बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को चुनाव में जीत दिलाने के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और मप्र बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रचार किया। वहीं, घनश्याम सिंह के प्रचार के लिए मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी, विपक्ष के नेता उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जोर-शोर से प्रचार किया।

Created On :   2 Aug 2026 11:54 PM IST

Tags

Next Story