- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- 39 लाख का साइबर फ्राड, आरोपी की...
Satna News: 39 लाख का साइबर फ्राड, आरोपी की तलाश में पंजाब पुलिस की सतना में दबिश

डिजिटल डेस्क,सतना। पंजाब के गुरदासपुर साइबर क्राइम थाने की टीम 39.24 लाख रुपये की साइबर ठगी के आरोपी की तलाश में शनिवार को सतना पहुंची। टीम ने कोलगवां थाना क्षेत्र के भरहुत नगर स्थित पते पर दबिश दी, लेकिन पता गलत निकला। वहां आबकारी विभाग के एक कर्मचारी निवासरत मिला। तबस्थानीय पुलिस की मदद से पड़ताल की गई तो आरोपी का नया संभावित पता मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत धौरहरा गांव का सामने आया, जिसके बाद टीम वहां रवाना होने की तैयारी कर रही है।
क्या है मामला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरदासपुर जिले के थाना भैणी मियां खां अंतर्गत राजू बेला निवासी कंवलप्रीत कौर (37) ने बीते साल शिकायत दर्ज कराई थी कि एक साइबर ठग ने 'वैसाखी बंपर-2025' में 6 करोड़ रुपये की लॉटरी का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अप्रैल 2025 में अलग-अलग किश्तों में 39 लाख 24 हजार 900 रुपये ठग लिए।
पैसे देने के बाद भी जब काफी समय तक लाटरी की रकम खाते में नहीं आई तब महिला को साइबर फ्राड का पता चला जिसके बाद महिला पुलिस के पास पहुंची। तब उसकी शिकायत पर गुरदासपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी ,मगर काफी समय तक कुछ पता नहीं चला।
Created On :   1 Aug 2026 7:24 PM IST










