उपचुनाव 2026: कल आएंगे नतीजे, कौन मारेंगे बाजी? दतिया पर दिल्ली की नजर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना कल सोमवार 3 अगस्त को सुबह सात बजे से शुरु हो जाएंगी। नतीजों को लेकर चुनावी मैदान में उतरे राजनीतिक दलों के उम्मीदवार अपनी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। मध्य प्रदेश की दतिया, गुजरात की मंजलपुर और बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए, तीनों जगह मतगणना कल होगी।
यह भी पढ़े -दतिया में घटा वोट परसेंट, बीजेपी-कांग्रेस में से किसको होगा घाटा? जानिए मध्यप्रदेश के पिछले तीन उपचुनाव का गणित
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। सोमवार के नतीजे नए विधायक का फैसला करेंगे और इस दिलचस्प राजनीतिक लड़ाई का नतीजा तय करेंगे। कांग्रेस ने नतीजों से पहले EVM की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के मकसद से स्ट्रांग रूम के बाहर अपने अधिकृत प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की 24 घंटे ड्यूटी लगाई है।
मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में बीजेपी के आशुतोष तिवारी , कांग्रेस के घनश्याम सिंह और आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे है। इस त्रिकोणीय मुकाबले के असली नतीजे 3 अगस्त को दोपहर होते होते सामने आ जाएंगे। ये साफ हो जाएगा दतिया का किला किस के हाथ में आया।
यह भी पढ़े -बांकीपुर उपचुनाव प्रशांत किशोर ने एसएसपी पर चुनाव प्रभावित करने का लगाया आरोप, आयोग से की शिकायत
दतिया जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने रविवार को सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान जानकारी देते हुए बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ, दतिया उपचुनाव में 71.44 फीसदी वोटिंग हुई। जो 2023 के विधानसभा चुनावों में दर्ज प्रतिशत से 8.76 प्रतिशत कम रहा। उपचुनाव में मतदान का कम होना किस दल के उम्मीदवार को विजय बनाता है, ये कल ही साफ हो पाएगा। उपचुनाव में कांग्रेस सीट खोना नहीं चाहती,जबकि बीजेपी 2023 के चुनाव में मिली हार का बदला लेना चाहती है।
Created On :   2 Aug 2026 6:03 PM IST








