Akhilesh Yadav On JPNIC: JPNIC को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, कहा - 'पूरी सरकार ठेके पर...'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में बने जय प्रकाश इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) का संचालन एलडीए ठेके पर देगा। इसके लिए ग्लोबल टेंडर निकालने की तैयारी की जा रही है। इससे जुड़े एक सवाल पर समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पूरी सरकार ठेके पर चली जाए।
जेपीएनआईसी को लेकर बोलें अखिलेश यादव
जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "पूरी सरकार ठेके पर चली जाए। हमने अपना मन बदल लिया है। हमारे पास पैसा नहीं है। हम JPNIC नहीं लेंगे—जिसे चाहिए, वह ले ले।''
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने ये भी कहा, ''हम एक नया JPNIC बनाएंगे। नई जगह पर बनाएंगे। वहां, समाजवादी नेताओं और उन समाजवादी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने इस आंदोलन को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई। इसके लिए बढ़िया कार्यक्रम करके म्यूजियम बनाएंगे।"
यह भी पढ़े -'अब सांसद तक जानलेवा हमले करवा...' पप्पू यादव पर हुए हमले पर अखिलेश ने भाजपा पर किया प्रहार
बीजेपी सरकार पर जमकर साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जुलाई महीने के शुरूआत में जेपीएनआईसी का एक वीडियो शेयर करते हुए योगी सरकार को घेरा था। उन्होंने लिखा था, ''JPNIC की दुर्गति का आंखों देखा हाल। आइए सब मिलकर संकल्प लें कि 2027 में अपनी पीडीए सरकार बनाएंगे और राजनीतिक विद्वेष की वजह से भाजपा सरकार ने हमारे जिन कामों को पूर्ण होने से रोका है, उन सब कामों को पूरा करेंगे और नया उप्र बनाने के लिए आगे बढ़ेंगे।''
उधर, यूपी विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार (02 अगस्त) से शुरू हो रहा है। इससे पहले रविवार (02 अगस्त) को अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने प्रदेश की बीजेपी नीत सरकार पर 26 हजार से ज्यादा सरकारी प्राथमिक स्कूल बंद करने का आरोप लगाया। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों) समाज के बच्चों को शिक्षित नहीं होने देना चाहती।
Created On :   2 Aug 2026 11:24 PM IST








