MP News: 5 महानगरों में पानी और सीवरेज के प्रबंधन के लिए पीएचई अमले को नगर निगमों में मर्ज करने की तैयारी

5 महानगरों में पानी और सीवरेज के प्रबंधन के लिए पीएचई अमले को नगर निगमों में मर्ज करने की तैयारी
राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेश के पांच महानगरों भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर एवं जबलपुर में पानी और सीवरेज के प्रबंधन के लिए पीएचई के अमले का नगर निगमों में संविलियन करने की तैयारी प्रारंभ की है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेश के पांच महानगरों भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर एवं जबलपुर में पानी और सीवरेज के प्रबंधन के लिए पीएचई के अमले का नगर निगमों में संविलियन करने की तैयारी प्रारंभ की है। इस संबंध में नगरीय प्रशासन विभाग ने बनाये अपने प्रस्ताव में कहा है कि 74 वें संविधान संशोधन के उपरांत शहरी क्षेत्रो में सीवरेज/जल प्रदाय योजनाओं का उत्तरदायित्व नगरीय निकायों का है।

नगरीय निकायों में वर्ष 1994 के पूर्व सीवरेज/जल प्रदाय परियोजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन एवं संचालन संधारण का कार्य लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा किया जाता था। वर्तमान में नगरीय निकायों में उक्त कार्य लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तकनीकी अधिकारियों/कर्मचारियों के सहयोग से किया जा रहा है। नगरीय निकायों को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा अपने तकनीकी अधिकारियों/कर्मचारियों को नगरीय निकायों को उपलब्ध कराया गया जिनका वेतन भुगतान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ही किया जा रहा है एवं ये अधिकारी/कर्मचारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रशासकीय नियंत्रण में रहते हैं। अब प्रस्ताव बनाया गया है कि पीएचई के तकनीकी अमले की निकायों की आवश्यकता के दृष्टिगत प्रतिनियुक्ति पर लिया जाये।

प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों का प्रशासनिक नियंत्रण नगरीय प्रशासन विभाग अंतर्गत संबंधित नगरीय निकाय के सक्षम प्राधिकारी को सौंपा जाये। नगरीय निकायों की आदर्श कार्मिक संरचना में उपलब्ध पदों पर कार्यरत पीएचई के इच्छुक तकनिकी अधिकारी /कर्मचारियों का वन टाइम संविलियन किया जाये।

Created On :   10 Sept 2026 1:16 AM IST

Tags

Next Story