मध्य प्रदेश: मैं भले ही प्रदेश के लिए मंत्री हूं, लेकिन सुरखी के लिए आपका जनसेवक ही रहूंगा : गोविंद सिंह राजपूत

मैं भले ही प्रदेश के लिए मंत्री हूं, लेकिन सुरखी के लिए आपका जनसेवक ही रहूंगा : गोविंद सिंह राजपूत
  • भाजपा ने संत रविदास के सिद्धांतों को साकार कर पक्का मकान, अन्न और खुशहाल जीवन दिया है : प्रदीप लारिया
  • किला कोठी में अनुसूचित जाति वर्ग का सम्मान समारोह संपन्न

डिजिटल डेस्क, भोपाल। आज सभी देवतुल्य समाजजनों को मेरा प्रणाम। यह सम्मेलन कोई राजनीति के लिए नहीं बुलाया है, बल्कि आपको सम्मानित करने के लिए बुलाया है। यह सम्मान बराबरी का सम्मान है। जब ईश्वर ने मनुष्य में भेदभाव नहीं किया तो हम और आप कौन होते है, भेदभाव करने वाले। मैंने कभी भी जात-पात की राजनीति नहीं की, क्योंकि संबंध जात से नहीं, बल्कि निभाने से बनते हैं। इसी को परिवार कहते हैं। वैसे भी हम आपके सेवक हैं, आपकी सेवा के लिए संकल्पित हैं। आज मैं जो कुछ भी हूं आपकी वजह से हूं। आपने ही मुझे मंत्री बनाकर भेजा है। मैं भले ही प्रदेश के लिए मंत्री हूं, लेकिन सुरखी के लिए आपका जनसेवक गोविंद ही रहूंगा। यह बात राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अनुसूचित जाति वर्ग के सम्मेलन के दौरान कही।

गुरूवार को किला कोठी रॉयल पैलेस में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि कांग्रेस के समय कहा जाता था कि आधी रोटी खाएंगे। इंदिरा गांधी को लाएंगे। जबकि आज कहा जाता है कि मोदी जी को लाएंगे, भरपेट भोजन खाएंगे। आज देश में 1 रुपए किलो अनाज जरूरतमंदों को मिल रहा है। उसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार दे रही है। पहले 12 हजार रुपए आवासों के लिए दिए जाते थे, उसमें भी भ्रष्टाचार हो जाता था, जबकि मोदी सरकार ने 1.25 लाख रुपए कुटी के लिए उपलब्ध करा रहे हैं। इसमें भी जिनकी कुटी नहीं बन पाई है। उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनके लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के तहत कुटी उपलब्ध कराई जाएगी। जिसके आवेदन 17 से शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही लाड़ली बहनों के लिए 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा भी प्रदेश सरकार ने कर दी है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सागर में 100 करोड़ की लागत से संत शिरोमणि रविदास महाराज का भव्य मंदिर बनने जा रहा है। जिससे देखने के लिए पूरे विश्व भर से लोग आएंगे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कई योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग को मुख्यधारा में लाने का काम किया है। जबकि कांग्रेस सरकार ने ऐसा नहीं किया। इसलिए आपको भी यह विचार करना चाहिए कि जो सरकार आपके लिए कर रही है, उसका सहयोग आपको भी करना है। मंत्री राजपूत ने कहा कि बिजली बिलों को भी माफ किया जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मंच नहीं है, बल्कि आज हम यहां एक परिवार की तरह चर्चा करने के लिए आए हैं। आपका हमारा नाता 27 साल पुराना है। यह नाता भरोसे का है, उस विश्वास का है, जिसे आपने हमारे परिवार पर जताया है। आपके दुख में हम सभी दीवार की तरह खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक जमाना था जब खाने से बड़ा कुछ नहीं था। इसका उल्लेख संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की चौपाई में भी है। आज उनके बताए मार्ग पर देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार चल रही है। जरूरतमंदों के लिए निशुल्क राशन दिया जा रहा है। जबकि कांग्रेस सरकार ने कभी भी कुछ नहीं दिया। आज गांव-गांव में आवास बन रहे हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि किसी समय चाय बेचने वाले को आज दुनिया के लोग चाय पर बुला रहे हैं। यह हमारे लिए सम्मान का विषय है। आज अगर नरेंद्र मोदी नहीं होते तो 80 करोड़ लोगों के आवास नहीं बन पाते। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान हमें कुछ नहीं मिला, यहां तक के एक नाम गरीबी रेखा में नहीं जोड़ पाए, लेकिन भाजपा में आते ही 22500 लोगों के नाम जोड़वाएं। जिसमें सबसे ज्यादा अहिरवार समाज के वे लोग थे, जो गरीबी रेखा से वंचित थे। भाजपा की सरकार ने रोटी, कपड़ा और मकान की व्यवस्था की है।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष और नरयावली विधानसभा से विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि सुरखी में विकास कार्यों की गंगा बह रह है। पूरी विधानसभा लगातार ऊंचाई पर पहुंच रही है। इसमें राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और उनके परिवार का सहयोग है। मैं जिस विधानसभा में 2008 से विधायक हूं। उसी विधानसभा में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का निवास है। जहां उनकी अनुसूचित जाति तथा अहिरवार समाज में पहुंच और लोकप्रियता इतनी अधिक है जिससे देखकर मुझे भी लगता था कि मेरी भी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत जैसी पहुंच बने। गोविंद सिंह राजपूत अनुसूचित जाति के नेता है। विधायक लारिया ने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति को मात्र वोट बैंक की तरह उपयोग किया है, उसका विकास नहीं किया। भाजपा ने संत रविदास के सिद्धांतों और विचारों को साकार करते हुए हर व्यक्ति को पक्का मकान, अन्न और खुशहाल जीवन दिया है।अनुसूचित जाति समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास भाजपा ने ही किया है। कांग्रेस ने लंबे समय तक हमारी समाज को शिक्षा से दूर रखा। जबकि भाजपा स्कूल, कॉलेज खोलकर समाज के उत्थान के द्वार खोले हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को सम्मान देने का काम भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। इस दौरान विधायक प्रदीप लारिया ने उपस्थित समाजजनों को 51 हजार वोटों से सुरखी विधानसभा और मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को जिताने का संकल्प दिया। इस दौरान भाजपा अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष नरेंद्र अहिरवार समेत सुरखी विधानसभा जैसीनगर मंडल में निवासरत समाज के माते-मुखिया और पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Created On :   21 Sep 2023 3:06 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story