- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- आस्था के केंद्र श्री जुगल किशोर जी...
Panna News: आस्था के केंद्र श्री जुगल किशोर जी मंदिर में अव्यवस्था, परिक्रमा पथ पर गंदगी और मलबे से श्रद्धालु परेशान

Panna News: बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध और आस्था के प्रमुख केंद्र भगवान श्री जुगल किशोर जी मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं को भारी दुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर की महिमा ऐसी है कि यहाँ सुबह मंगला आरती से लेकर शयन आरती तक स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचते हैं लेकिन मंदिर परिसर के पिछले हिस्से की स्थिति प्रशासन और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खडे कर रही है।
परिक्रमा पथ बना बाधा पथ
मंदिर की परिक्रमा का विशेष महत्व है परंतु मंदिर के पीछे वाले हिस्से में गंदगी का साम्राज्य व्याप्त है। श्रद्धालुओं का कहना है कि एक तरफ जहाँ मंदिर के अंदर आध्यात्मिक शांति मिलती है वहीं परिक्रमा मार्ग पर फैली गंदगी और दुर्गंध से आस्था को ठेस पहुँच रही है।
यह भी पढ़े -मनाया गया जल दिवस, रूंज नदीं की पूजा कर जल संरक्षण की ली शपथ, अजयगढ जनपद पंचायत के ग्राम शहपुरा में आयोजित हुआ कार्यक्रम
निर्माण सामग्री बढ़ा रहीं मुश्किलें
गंदगी के साथ-साथ मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य ने भी श्रद्धालुओं की राह मुश्किल कर दी है। निर्माण में उपयोग होने वाली गिट्टी, बालू और अन्य सामग्री परिक्रमा पथ पर ही पड़ी हुई है। रात के समय या भीड़ के दौरान इन पत्थरों और मलबे के कारण बुजुर्गों और बच्चों के फिसलने या चोटिल होने का खतरा बना रहता है। बेतरतीब तरीके से रखी निर्माण सामग्री के कारण परिक्रमा का मार्ग संकरा हो गया है जिससे पीक आवर्स में जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है।
यह भी पढ़े -विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने सड़क, स्वच्छता व दुग्ध परियोजनाओं का किया भूमिपूजन व लोकापर्ण
श्रद्धालुओं की मांग
दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इतने प्रतिष्ठित मंदिर में स्वच्छता और व्यवस्थाओं का अभाव चिंताजनक है। स्थानीय नागरिकों ने मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन से मांग की है कि परिक्रमा पथ की तत्काल साफ.-सफाई कराई जाए। चल रहे निर्माण कार्य की सामग्री को एक निश्चित स्थान पर व्यवस्थित किया जाए ताकि मार्ग बाधित न हो। स्वच्छता बनाए रखने के लिए डस्टबिन और नियमित सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस ओर कब ध्यान देता है ताकि देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और स्वच्छ वातावरण में दर्शन लाभ मिल सके।
Created On :   23 March 2026 6:39 PM IST












