- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- एकजुटता और भाईचारे का संदेश लेकर...
Panna News: एकजुटता और भाईचारे का संदेश लेकर आयोजित हुई साहू समाज की सभा

Panna News: मां कर्मा देवी की 1010वीं जयंती के अवसर पर 22 मार्च रविवार को रैपुरा नगर में साहू समाज द्वारा भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में प्रात: 11 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो गांधी चबूतरा से प्रारंभ होकर कटनी तिराहा होकर हायर सेकेण्डरी स्कूल, जैन मंदिर, साहू मोहल्ला एवं झंडा चौक होते हुए पुन: गांधी चबूतरा पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के महिला, पुरुष एवं युवा शामिल हुए तथा जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से नगर के नवीन मार्केट में सामाजिक सभा एवं मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र भर से साहू समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। सभा का उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की उन्नति तभी संभव है जब सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर समाजहित में कार्य करें।
वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया। सभा में यह भी कहा गया कि समाज के सभी लोगों को मिलजुलकर सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए और नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार एवं शिक्षा की ओर प्रेरित करना चाहिए। सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश से सपा विधायक जयकिशन साहू गाजीपुर सदर विधानसभा, जबलपुर के पूर्व महापौर प्रभात साहू, साहू समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.के. साहवाल, प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर साहू, राष्ट्रीय महासचिव अखिलेश साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी लखन साहू, प्रदेश महामंत्री कमलेश नायक सहित कई अतिथिगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने संत शिरोमणि मां कर्मा देवी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए समाज को एकता, भाईचारा, शिक्षा और संगठन के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने समाज की एकता और आपसी सहयोग बनाए रखने का संकल्प लिया तथा सभा का समापन आपसी मिलन और धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
Created On :   23 March 2026 3:20 PM IST














