- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- आरटीई के तहत निजी स्कूलों में...
Panna News: आरटीई के तहत निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश हेतु आवेदन प्रारंभ

Panna News: शासन की जनकल्याणकारी योजना के तहत गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चे प्राइवेट विद्यालय में निशुल्क प्रवेश ले सकते हैं जिसके लिए सत्र 2026-27 प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जनपद शिक्षा केंद्र पवई में पदस्थ विकासखंड अकादमिक समन्वयक रघुवीर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अशासकीय विद्यालयों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत नि:शुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 मार्च 2026 से प्रारंभ है जो 28 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वह निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने बच्चों के लिए आवेदन अवश्य करें। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसका सत्यापन कराना अनिवार्य है। आवेदन का सत्यापन 14 मार्च से 30 मार्च 2026 तक नजदीकी जन शिक्षा केंद्र में किया जाएगा।
बिना सत्यापन के कोई भी आवेदन ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा इसलिए अभिभावक इस प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए समय पर सत्यापन अवश्य कराएं। श्री तिवारी ने यह भी बताया कि आरटीई के तहत वह बच्चे आवेदन के पात्र हैं जो निर्धारित आयु सीमा में आते हैं तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग या वंचित वर्ग से संबंधित हैं। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय शासन द्वारा निर्धारित सीमा के भीतर होना आवश्यक है। आवेदन के दौरान जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा आवश्यकतानुसार जाति प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। प्राप्त आवेदनों के आधार पर निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए सीटों का आवंटन पारदर्शी ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
Created On :   22 March 2026 4:54 PM IST














