MP Election 2023: सुरखी का संकल्प पत्र जारी करते हुए रक्षा मंत्री बोले, मैं शेर नहीं, लेकिन आप गोविंद को आशीर्वाद देंगे तो मैं सवा शेर हो जाऊंगा

सुरखी का संकल्प पत्र जारी करते हुए रक्षा मंत्री बोले, मैं शेर नहीं, लेकिन आप गोविंद को आशीर्वाद देंगे तो मैं सवा शेर हो जाऊंगा
  • कांग्रेस की आदत है कपड़े फाड़ने की, वह सत्ता में आई तो जनता के कपड़े फाड़ेगी : राजनाथ सिंह
  • मैं वचन देता हूं कि जब तक जीवन है, राजनीति नहीं, आपकी सेवा करूंगा : गोविंद सिंह राजपूत

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मैं शेर नहीं, लेकिन आप गोविंद को आशीर्वाद देंगे तो मैं सवा शेर हो जाऊंगा, क्योंकि यह चुनाव गोविंद का नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी का चुनाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनाव है। मैंने कई सभाएं की हैं, लेकिन आपकी विधानसभा में पहली बार आ रहा हूं। फिर भी अगर आप यहां से भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत को जिताएंगे तो मैं वादा करता हूं कि आप मुझे साल भर में कभी भी बुला लेना। मैं आप लोगों से मिलने के लिए जरूर आऊंगा। आप सभी लोगों को इतनी बड़ी संख्या में देखकर प्रसंन्नता हुई है। मैं जनता को शीष झुकाकर अभिवंदन करता हूं। यह बात भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुरखी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत के समर्थन में रविवार को बिलहरा पुलिस ग्राउंड पर विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सुरखी विधानसभा के संकल्प पत्र का विमोचन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस के बीच मौलिक अंतर यह है कि भाजपा के लिए जनता ही जर्नादन है और कांग्रेस परिवार को ही जर्नादन मानती है। कांग्रेसियों को केवल सत्ता चाहिए है। कांग्रेस की आदत है कपड़े फाड़ने की, वह सत्ता में आई तो जनता के कपड़े फाड़ेगी। उन्होंने कहा कि शिकवे-शिकायत तो होती रहती है, लेकिन यह चुनाव आपके अपने लड़ रहे हैं। यह चुनाव आपके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लड़ रहे हैं।

यह भारतीय जनता पार्टी की विशेषता है कि हम जो कहते हैं वही करते हैं, भाजपा के नेताओं की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं होता। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने धारा 370 को समाप्त किया। हमारे आराध्य श्रीराम का अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण कराया। मैं आपको निमंत्रण दे रहा हूं कि 22 जनवरी को आप रामलला जी के प्रत्यक्ष दर्शन करने जरूर आएं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं के लिए जितनी योजनाएं दी हैं। उनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। प्रधानमंत्री ने करिश्माई काम किया है। पहले गरीब रुपए के अभाव में इलाज से वंचित रह जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों के इलाज की व्यवस्था कराई। इसमें 5 लाख रुपए तक का ईलाज नि:शुल्क मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के पहले की जिंदगी और अब की जिंदगी में बहुत अंतर आ गया है। महिलाओं को नल-जल योजनाओं के माध्यम से पानी मिल रहा है। महिलाओं के लिए कुएं से पानी नहीं लाना पड़ रहा है।

भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए सिस्टम में बदलाव लाना जरूरी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं किसी की भी आलोचना नहीं करता, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने एक बार अपनी मजबूरी व्यक्त करते हुए कहा था कि मैं दिल्ली से 100 रुपए भेजूं तो 86 रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं, केवल 14 पैसे ही हितग्राही तक पहुंच पाते हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के बैंक खाते खुलवाकर जनता को सीधा लाभ देने का काम किया है। हितग्राहियों के खाते में किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना समेत अन्य योजना का लाभ सीधे खाते में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए सिस्टम में बदलाव लाना जरूरी है। यही भाजपा का चरित्र है। हम इन्हीं उद्देश्यों पर काम करते हैं।

शिवराज सिंह राजनीति के धोनी है

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह राजनीति के धोनी हैं, शुरुआत कैसी भी हो इन्हें सबसे अच्छी फिनिशिंग देना आता है। उन्होंने कहा कि अब भारत की पहचान पहले जैसी नहीं रही। भारत का कद पूरी दुनिया में बढ़ा है। आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर जब भी भारत का प्रतिनिधित्व होता है तो दुनिया के सभी देश कान खोलकर भारत को सुनते हैं। भारत ताकतवर बनता जा रहा है। रक्षा मंत्री ने पुलवामा का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे सेना के जवानों ने सन्देश दे दिया है कि हम इस पार भी वार कर सकते हैं और उस पार भी। कोई भी भारत को आंखें दिखाने की कोशिश करेगा तो भारत बर्दाश्त नहीं करेगा।

इस बार चार बार दीपावली मनेगी : गोविंद सिंह राजपूत

सभा को संबोधित करते हुए सुरखी से भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि इस बार चार बार दीपावली मनाई जाएगी। पहली 12 नवंबर को, दूसरी 17 नवंबर को कमल के फूल पर वोट डालकर, तीसरी 3 दिसंबर को भाजपा की जीत पर और चौथी दीपावली 22 जनवरी को भव्य श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मनाई जाएगी। यह दीपावली उन कांग्रेसियों के लिए होगी, जो कहते थे कि भाजपा राम मंदिर बनाएंगी, लेकिन तारीख नहीं बताएगीं। भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि आपसे मेरा पुराना नाता है, मैं और मेरा पूरा परिवार आपके साथ 24 घंटे रहता है। उन्होंने कहा कि मैं वचन देता हूं कि जब तक जीवन है, राजनीति नहीं, आपकी सेवा करूंगा।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि कमलनाथ को केवल झूठे वादे करने आते हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस की सरकार आई तो कर्जा माफ कर देंगे, लेकिन कर्जा माफ नहीं किया गया। अब वे लाड़ली बहनों को 1500 रुपए का लालच दे रहे हैं। जबकि भाजपा सरकार बहनों को 1250 रुपए उनके खातों में पहुंचा रही है। किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोकलपुर, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, लखन चौबे, मनीष गुरू, राजा जितेंद्र सिंह, रमेश चढ़ार, अवध सिंह बेरखेड़ी, इंद्रराज सिंह, ब्रजेश तिवारी, अशोक मिश्रा, राघव कुसुमगढ़, राकेश तिवारी, संतोष पटेल, डॉ. माघव प्रसाद चौबे, विजय गर्ग, नंदलाल पटेल, जोराबल अहिरवार, साबह सिंह, नर्मदा सिंह, महराज सिंह, अरूण गौतम, श्रीरवन सिंह, गौरव गर्ग, रामबाबू, जगदीश लोधी,सुनील जैन, कमलेश सौंर, इमरत सिंह, शंकर सिंह, हम्मीर सिंह, खिलान लोधी, भक्ति तिवारी, नरेंद्र सिंह, इंद्रराज सिंह, नारायण सिंह, प्रेम सिंह, सुरेंद्र सिंह, काशीराम अहिरवार, विम्मा कक्का, प्रकाश सिंह, लखन भार्गव, मुन्ना मिश्रा, बहादुर सिंह, लोकमन लोधी, गुड्डा शुक्ला, डॉ. संतोष पटेल, दिलीप पटेल, प्रमोद पटेल, नरेंद्र अहिरवार, अर्जुन पटेल समेत हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Created On :   5 Nov 2023 4:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story