Seoni News: बकाया जमा न करने वाली होर्डिंग एजेंसी को किया ब्लैकलिस्टेड

बकाया जमा न करने वाली होर्डिंग एजेंसी को किया ब्लैकलिस्टेड
नगर पालिका परिषद ने कसी नकेल तो एक एजेंसी ने जमा कराए 14 लाख 57 हजार रुपए

डिजिटल डेस्क,सिवनी। मप्र आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम-2017 के तहत शहर में होर्डिंग्स का काम लेकर राशि जमा कराए जाने के मामले में नगर पालिका को ठेंगा दिखाने वाली एक होर्डिंग एजेंसी को कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया है। पिछले माह नगर पालिका परिषद के विशेष सम्मिलन में लिए गए निर्णय के आधार पर उक्त कार्रवाई की गई है।

लाखों रुपए की राशि बकाया होने पर दो एजेंसियों को 24 घंटे में बकाया जमा कराने का अल्टीमेटम जारी करने का फैसला किया गया था। नगर पालिका परिषद की सख्ती व ब्लैकलिस्टेड किए जाने की तैयारी को देखते हुए एक होर्डिंग एजेंसी ने तो 14 लाख 57 हजार रुपए जमा करा दिए, लेकिन एक अन्य एजेंसी ने 15 लाख 74 हजार रुपए बकाया राशि में से एक रुपए तक नगर पालिका में जमा नहीं कराए, जिसके चलते नगर पालिका परिषद ने आदेश जारी कर ब्लैकलिस्टेड कर दिया है।

परिषद के विशेष सम्मिलन में मामला लाए जाने के पूर्व दोनों एजेंसियों को नगर पालिका परिषद के राजस्व विभाग द्वारा कई नोटिस भी जारी किए थे, लेकिन इसका कोई असर एजेंसी संचालकों पर नहीं पड़ रहा था।

अमानत राशि की गई जब्त

दोनों एजेंसियों पर 30 लाख 32 हजार 323 रुपए बकाया था। इसमें इटारसी की त्रिशा ट्रेडर्स ने 14 लाख 57 हजार 918 रुपए जमा करा दिए। वहीं पलक इंटरप्राइजेज पर 15 लाख 74 हजार 405 रुपए बकाया थे, लेकिन इस एजेंसी की ओर से राशि जमा नहीं कराई गई।

बताया गया कि नगर पालिका प्रशासन ने आदेश जारी कर पलक इंटरप्राइजेज को ब्लैकलिस्टेड कर दिया है। पलक इंटरप्राइजेज की अमानत राशि भी जब्त कर ली गई है। नगर पालिका उक्त कार्रवाई की जानकारी प्रदेश शासन को भी भेजेगा, ताकि पूरे प्रदेश में ब्लैकलिस्टेड किया जा सके।

जगह-जगह लगे हैं अवैध होर्डिंग

जिला मुख्यालय में मप्र आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम-2017 की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नगर पालिका से विधिवत काम लेने वाली एजेंसियों ने जगह-जगह अवैध होर्डिंग भी लगा रखे हैं। इनके द्वारा कितने होर्डिंग की परमिशन ली गई और कितने लगाए जा रहे इसकी निगरानी तक नहीं की जा रही है।

इसका परिणाम यह हो रहा कि शहर में अवैध होर्डिंग की भरमार हो गई है। होर्डिंग लगाने में मप्र आउटडोर विज्ञापन मीडियाकिया जा रहा है। शहर में अवैध होर्डिंग लगाकर अवैध कमाई करने में कई अन्य लोग भी लिप्त बताए जा रहे हैं, जिनकी विधिवत जांच कराई जाए तो कई खुलासे हो सकते हैं।

Created On :   4 April 2026 6:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story