MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा में पेपरलेस कामकाज की तैयारी, विधायकों को मिला नेवा ऐप का प्रशिक्षण

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में कामकाज को डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में विधायकों और उनके निज सचिवों के लिए ई-विधान (नेवा ऐप) का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर इस प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ करेंगे। इस प्रशिक्षण सत्र में विधायकों ने विधानसभा की इस पहल की सराहना की है।
यह भी पढ़े -विधानसभा चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका! पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने बेटी संग थामा सपा का दामन
नेवा ऐप से आसान होगा विधानसभा का कामकाज
नेशनल ई-विधान ऐप्स (NEVA) के माध्यम से विधानसभा की कार्यवाही को डिजिटल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके जरिए विधायक प्रश्न, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और स्थगन प्रस्ताव सहित अन्य संसदीय कार्यों से जुड़ी प्रक्रियाएं ऑनलाइन पूरी कर सकेंगे। इससे कागजी दस्तावेजों पर निर्भरता कम होगी और समय की बचत होगी।
बजट के दस्तावेजों से लेकर प्रस्तावों तक मिलेगी डिजिटल सुविधा
प्रशिक्षण के दौरान विधायकों को नेवा ऐप के इस्तेमाल और इसकी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। अब तक बजट के भारी-भरकम दस्तावेजों में जरूरी जानकारी तलाशने में काफी समय लगता था, लेकिन डिजिटल व्यवस्था के जरिए दस्तावेजों और जानकारियों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
देश के 19 राज्यों में लागू है परियोजना
नेवा परियोजना देश के 19 राज्यों में लागू की जा चुकी है। मध्य प्रदेश विधानसभा में भी इस दिशा में पहले प्रयास किए गए थे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने विधानसभा के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की पहल की थी। अब विधायकों और उनके निज सचिवों को प्रशिक्षण देकर इस व्यवस्था के प्रभावी इस्तेमाल की तैयारी की जा रही है।
इस पहल का उद्देश्य विधानसभा के कामकाज को आधुनिक तकनीक से जोड़ना, कागजों का इस्तेमाल कम करना और विधायकों के लिए संसदीय प्रक्रियाओं को अधिक सरल बनाना है।
Created On :  

