Bhopal News: युवा वर्ष में लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 21 वर्ष पूरा करने वाली लड़कियों को मिलेंगे 1 लाख

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र शासन ने 2027 को युवा वर्ष घोषित किया है। इस मौके पर नए साल में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं की उच्च शिक्षा आदि के लिए 21 साल की उम्र पूरी करने वाली पात्र लड़कियों को परिपक्वता राशि 1 लाख दिए जाएंगे। मंगलवार को महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने इसकी तैयारी करने के लिए विभागीय अिधकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि वर्ष 2007 में बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करने के के लिए शुरु की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना से अब बालिकाओं को शिक्षा, उच्च शिक्षा और आर्थिक संबल का सहारा बनेगी। प्रदेश में 54 लाख 32 हजार से अधिक पंजीकृत लाड़ली लक्ष्मी है। मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचाना तय करें। दरअसल, 2007 में जिनका पंजीयन (2006 में जन्म लेने वाली) किया गया था वे 2027 में युवा पीढ़ी का हिस्सा बन जाएंगी। इन्हें 2027 में परिपक्वता राशि देना शुरु होगा, यह राज्य शासन के लिए एक अहम चरण होगा।
योजना के तहत अब 16 लाख 7 हजार बालिकाओं को कुल 1179 करोड़ 33 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित दी गई है। छठवीं में प्रवेश पर 2 हजार रुपये, नौवीं में 4 हजार रुपये और 11वीं और 12वीं में प्रवेश पर 6-6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के अंतर्गत स्नातक अथवा व्यावसायिक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाली पात्र बालिकाओं को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो समान किस्तों में प्रदान की जाती है। यह प्रावधान बालिकाओं को स्कूली शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करता है।
यह भी पढ़े -सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया काले हिरणों के रेस्क्यू का निरीक्षण, कहा- हमारा लक्ष्य वन्यजीवों और फसलों की सुरक्षा
नया प्रस्ताव तैयार किया
योजना के तहत बालिकाओं को मिलने वाली वित्तीय सहायता में वृद्धि के प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं। वर्तमान में 1 लाख 43 हजार रुपये के आश्वासन प्रमाण-पत्र के स्थान पर 2 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। छठवीं में छात्रवृत्ति 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार रुपये, नौवीं में 4 हजार से 8 हजार रुपये, 11वीं में 6 हजार से 10 हजार रुपये और 12वीं में 6 हजार से 12 हजार रुपये करने का प्रस्ताव है। इसी प्रकार उच्च शिक्षा प्रोत्साहन राशि 25 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये और 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर देय परिपक्वता राशि एक लाख से बढ़ाकर सवा लाख रुपये करने का प्रस्ताव है।
Created On :  


