- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- समाजवादी चिंतक एवं विचारक रघु ठाकुर...
58वीं पुण्यतिथि: समाजवादी चिंतक एवं विचारक रघु ठाकुर ने डॉ राममनोहर लोहिया की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं समाजवादी नेता डॉक्टर राममनोहर लोहिया की 58वीं पुण्यतिथि के मौके पर, प्रसिद्ध समाजवादी चिंतक एवं विचारक रघु ठाकुर के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बाणगंगा चौराहे पर स्थित डॉक्टर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया। समाजवादी नेता रघु ठाकुर ने कार्यक्रम के दौरान प्रतिमा स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित किया, अपने संबोधन में ठाकुर ने डॉ. लोहिया के जीवन और दर्शन पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा आज हिन्दुस्तान सहित समूची दुनिया में सबसे बड़ी चिंता विषमता है। डॉ. लोहिया समाज में व्याप्त सभी प्रकार की विषमताओं को मिटाने के प्रबल पक्षधर थे।
उन्होंने यह भी बताया कि लोहिया की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं था। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के दबे-कुचले और पिछड़े वर्गों के कल्याण हेतु समर्पित कर दिया था। जहां एक तरफ आज दुनिया में असमानता की खाई गहरी होती जा रही है, ऐसे दौर में लोहिया के विचारों की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ जाती है। इस अवसर पर डॉ. शिवदयाल, मदन जैन, जयंत सिंह तोमर, डॉ. शिवा श्रीवास्तव, मकसूद भाई, लालू भाईजान, धर्मेन्द्र यादव, धर्मेन्द्र राणा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
लोहिया के जीवन पर गांधीजी के विराट व्यक्तित्व का काफी अधिक असर पड़ा। गांधी जी के कहने पर उन्होंन मात्र दस साल की उम्र में स्कूल छोड़ दिया, वे गांधी जी के आंदोलनों में कूद गए। 1930 में लोहिया को अग्रवाल समाज के कोष से पढ़ाई के लिए इंग्लैड भेजा गया था। वहां से वे बर्लिन गए।
Created On :   12 Oct 2025 1:57 PM IST