- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- 'गरीबों को बेघर करने वालों को...
Kosmi Village News: 'गरीबों को बेघर करने वालों को बख्शेंगे नहीं', बुधनी में बुलडोजर कार्रवाई पर भड़के शिवराज सिंह चौहान

डिजिटल डेस्क, भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश की बुधनी विधानसभा के कोसमी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाने और उनकी फसलों को नष्ट किए जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
यह भी पढ़े -भोपाल में शिवराज के 'मामा का घर' का घेराव, 4 महीने से भुगतान नहीं मिलने पर भड़कीं महिलाएं
मुख्य सचिव को फोन कर जताई नाराजगी
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने मौके पर वन विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके से ही मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन किया और पूरे मामले को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इसके अलावा उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी घटनाक्रम की जानकारी दी।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा करेंगे। उन्होंने प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और स्पष्ट किया कि गरीब परिवारों के साथ अन्याय करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़े -केंद्रीय मंत्री ने इंडी गठबंधन पर साधा निशाना, शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये लोग मार्च नहीं निकाल रहे, ये हार की खीझ निकाल रहे हैं
फसलें बर्बाद पर जताया आक्रोश
कार्रवाई के दौरान गरीब परिवारों के घरों को तोड़े जाने के अलावा मक्के और तुअर की फसलों को भी नष्ट किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, सिंचाई और पेयजल के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को मिट्टी से भरने पर भी शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा आक्रोश जताया।
उन्होंने कहा कि मामले में जो भी अधिकारी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रभावित परिवारों के लिए बनेंगे नए घर
शिवराज सिंह चौहान ने जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं, उनके लिए नए घर बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी आवास की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक उनके रहने और खाने की अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
Created On :   11 Oct 2026 9:43 PM IST












