Kosmi Bulldozer Action: 'यह CM मोहन यादव को बदनाम करने की साजिश', कोसमी बुलडोजर कार्रवाई पर शिवराज सिंह चौहान ने दिया बयान

यह CM मोहन यादव को बदनाम करने की साजिश, कोसमी बुलडोजर कार्रवाई पर शिवराज सिंह चौहान ने दिया बयान
मध्य प्रदेश की बुधनी विधानसभा के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन ने गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की बुधनी विधानसभा के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन ने गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की। इस मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोसमी गांव का दौरा किया, जहां पर उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और पूरे मामले पर कड़ा आक्रोश जताया। गरीब परिवारों के आशियाने उजड़ने, उनकी फसलें नष्ट होने और पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, "ये जो अन्याय है, उसकी जानकारी मुख्यमंत्री महोदय को देना है। सिसकती हुई इनकी सिसकियां, इनकी आंखों के आंसू, इनके कुचले हुए खेत, उनका चौपट किया हुआ भविष्य, सब माननीय मुख्यमंत्री जी को मैं बताऊंगा। यह तो मुख्यमंत्री जी को भी बदनाम करने की साजिश लगती है मुझे।"

उनका आगे कहना है, "अच्छा ये वो लोग हैं जो हमेशा बीजेपी को ही वोट देते हैं। इन्होंने लोकसभा में भी वोट दिए और विधानसभा में भी दिए। यह तो पार्टी को भी बदनाम करने की कुछ अधिकारियों की साजिश है। इन्हीं के वोट से हम लोग जीतते हैं और इन्हीं के वोट से मोहन जी मुख्यमंत्री बने। यह सचमुच में मेरे लिए बहुत दुखद है। मैंने निवेदन किया था कि बरसों से जमीन पर कब्जे हैं इनके, इसलिए इनको तंग ना किया जाए।"

Created On :   11 Oct 2026 10:59 PM IST

Tags

Next Story