Bhopal News: भोपाल में फिर गाय काटने का मामला, इस बार अवैध डेयरी में काटी जा रही थी, बवाल के बाद संचालक सहित 3 गिरफ्तार

भोपाल में फिर गाय काटने का मामला, इस बार अवैध डेयरी में काटी जा रही थी, बवाल के बाद संचालक सहित 3 गिरफ्तार
भोपाल के कोलार क्षेत्र में एक अवैध डेयरी में गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने के बाद शुक्रवार को क्षेत्र में बवाल खड़ा हो गया। यहां बजरंगदल और विश्व हिंदू परिषद सहित हिंदुओं ने कोलार थाने का घेराव भी कर दिया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के कोलार क्षेत्र में एक अवैध डेयरी में गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने के बाद शुक्रवार को क्षेत्र में बवाल खड़ा हो गया। यहां बजरंगदल और विश्व हिंदू परिषद सहित हिंदुओं ने कोलार थाने का घेराव भी कर दिया। पुलिस ने दामखेड़ा स्थित अवैध डेयरी पर दबिश दी और डेयरी संचालक गब्बर यादव, मुन्ना यादव और अनीस खान को गिरफ्तार कर लिया। हिंदू संगठनों ने डेयरी को अवैध बताया। इसे हटाने पर जोर दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस भारी पुलिस बल और नगर निगम प्रशासन की मौजूदगी में कलियासोत नदी किनारे बनाई गई अवैध डेयरी पर बुल्डोजर चला दिया। जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। इसके नेटवर्क और गोवंश के मांस की आपूर्ति चेन का भी पता लगाया जा रहा है।

हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग की। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे ग्राम दामखेड़ा स्थित गब्बर यादव की डेयरी में गोवंश काटने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो वहां कटे हुए अवशेष मिले। पुलिस ने इन्हें जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि गोवंश के अन्य अंगों का क्या किया गया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं बताया गया कि इस डेयरी के खिलाफ पहले भी नगर निगम ने कार्रवाई की थी। लेकिन कार्रवाई के बाद दोबारा डेयरी का संचालन कैसे शुरू किया गया। मामले को लेकर कोलार से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा कहा कि प्रदेश में मोहन यादव की सरकार है, गौ कसी करने वाले अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   11 Oct 2026 2:01 AM IST

Tags

Next Story