MP News: जहरीली शराब से मौतों के बीच देवास-सागर के एसपी-कलेक्टर हटाए

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र के सागर और हाल ही में देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मंगलवार को राज्य शासन ने दोनों जिलाें के कलेक्टर और एसपी को हटा दिया। सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल को हटा कर मप्र पर्यटन विकास निगम का एमडी बनाया गया। जबकि देवास कलेक्टर ऋतुराज को हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव पदस्थ किया गया। सिवनी जिला अस्पताल में हाल ही नवजात शिशुओं की मौतों को लेकर सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मिलकर शिकायत की थी। सिवनी कलेक्टर नेहा मीना को भी सिवनी से हटाया गया है, हालांकि उन्हें बतौर कलेक्टर देवास पदस्थ किया गया। इंदौर दूषित जल कांड से चर्चा में रहे दिलीप कुमार यादव को सागर कलेक्टर बनाया गया है, जबकि अंजू अरुण कुमार को सिवनी कलेक्टर बनाया गया है। अंजू को पिछले महीने नगर निगम भोपाल से हटाकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास में पदस्थ किया था, अब फील्ड में पदस्थ किया गया है।
यह भी पढ़े -कांग्रेस ने गिनाई भोपाल मास्टर प्लान की खामियां, भाजपा-कांग्रेस शासनकाल के गिनाए फायदे - नुकसान
दोनों जिलों के एसपी भी हटाए गए
राज्य शासन ने देवास एसपी पुनीत गहलोत और सागर एसपी अनुराग सुजानिया को भी हटा दिया है। दोनों को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ किया गया। बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा को देवास पदस्थ किया गया है, जबकि संजीव कुमार सिन्हा सागर के नए एसपी बनाए गए। सिन्हा पहले ग्वालियर में विशेष सशस्त्र बल की 14वीं वाहिनी में सेनानी थे। आदित्य मिश्रा के देवास पदस्थी के बाद बालाघाट में नए एसपी की नियुक्ति की जाना है। सागर में सितंबर में जहरीली शराब कांड के बाद तत्कालीन एसपी अनुराग सुजानिया पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई थी। अब देवास में शराब से मौतों के मामलों के बीच दोनों जिलों के एसपी बदले गए हैं।
सिंघार ने कहा, आबकारी आयुक्त पर कब होगी कार्रवाई
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि "बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते"। उन्होंने कहा कि सागर-देवास शराब कांड के बाद नींद खुल गई, देर आए दुरुस्त आए। सिंघार ने कहा कि जहरीली शराब का यह पूरा काला कारोबार आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना के संरक्षण में फल-फूल रहा है, उन पर कार्रवाई कब होगी? सिंघार ने मांग की है कि देवास में मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए। सिंघार ने कांग्रेस की तरफ से मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
यह भी पढ़े -राजीव गांधी के पीएम बनने के...सोनिया गांधी ने 'बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव' के जरिए खोले दिलों के राज
देवास में कांग्रेस ने कलेक्टर ऑफिस घेरा, कहा हत्या का केस दर्ज करें
देवास गांवों में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मंगलवार को कांग्रेस ने देवास में दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर देवास कलेक्टोरेट का घेराव किया। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मप्र सरकार को मानना ही होगा कि देवास के चंदाना और बिंजाना गांवों में जहरीली शराब से हुई मौतें "सरकारी हत्याएं" हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि असल शराब माफिया पर कार्रवाई करें। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में शराब माफियाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। अवैध शराब के कारण लोगों की जान जा रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने से बच रही। सागर और मुरैना में अवैध शराब से हुई मौतों की घटनाएं भी प्रदेश में शराब माफियाओं के बढ़ते प्रभाव पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि माफियाओं के प्रभाव के चलते कार्रवाई में देरी हो रही है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर जहरीली शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है और पीड़ित परिवारों को न्याय के लिए दर-दर क्यों भटकना पड़ रहा है। कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी। पीड़ित परिवारों के साथ संबंधित थानों में पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने और न्याय की मांग करेगी। कांग्रेस ने मांग की कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उज्जैन, इंदौर और भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक पदयात्रा और रैलियां निकालकर जहरीली शराब मुद्दे को जन आंदोलन बनाया जाएगा।
Created On :  
