मध्य प्रदेश न्यूज: विधायकों के वेतन, भत्ते एवं पेशन बढ़ाने समिति गठित

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने विधायकों/पूर्व विधायकों के वेतन, भत्ते, पेंशन आदि के संबंध में विचार करने के लिये सरकारी समिति का गठन किया है। समिति के अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री वित्त जगदीश देवड़ा बनाये गये हैं जबकि जिला जबलपुर की पाटन विधानसभा सीट के भाजपा विधायक अजय विश्नोई तथा जिला खरगौन की कसरावद विधानसभा सीट के कांग्रेस विधायक सचिन यादव समिति के सदस्य बनाये गये हैं। संसदीय कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव समिति के सदस्य सचिव रहेंगे। यह समिति आवश्यक्तानुसार अन्य विभागों एवं विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों को बैठक में आमंत्रित कर सकेगी।
पहली बैठक हुई
मंगलवार को इस समिति की पहली बैठक उप मुख्यमंत्री देवड़ा की अध्यक्षता में हो भी गई। बैठक में दूसरे राज्यों में विधायकों एवं पूर्व विधायकों को मिलने वाले वेतन भत्ते एवं पेंशन का अध्ययन किया गया। साथ ही कुछ और राज्यों से जानकारी प्राप्त करने के भी निर्देश दिये गये। समिति की अगली बैठक 11 नवंबर, 2025 को होगी। बैठक में समिति के सदस्य विधायक अजय विश्नोई और वीसी के माध्यम से विधायक सचिन सुभाष यादव शामिल हुये। सदस्य सचिव अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन उपस्थित रहे।
Created On :   29 Oct 2025 8:46 PM IST












