12वीं बोर्ड : अब हिंदी के पेपर में गलतियां

डिजिटल डेस्क,नागपुर। राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों में गलतियों का सिलसिला जारी है। बुधवार को हिंदी के पेपर में लगातार दूसरी बार प्रश्न-पत्र में त्रुटियां देखने को मिलीं। इसके पहले मंगलवार को हुए अंग्रेजी के पेपर में प्रश्नों की जगह मॉडल उत्तर प्रकाशित हो गए थे। बुधवार को हिंदी का पेपर देने वाले परीक्षार्थियों के अनुसार प्रश्न क्रमांक 2 में 4 शब्दों के विरोधार्थी शब्द लिखने थे। वैसे तो इनका क्रम 1, 2, 3, 4 ऐसा होना चाहिए था। लेकिन इसकी जगह क्रम 1,2,1,2 ऐसा लिखा गया था। ऐसे ही एक प्रश्न में 4 शब्दों के समानार्थी शब्द लिखने थे। इनका क्रम भी 1, 2, 3, 4 ऐसा होना चाहिए था। लेकिन इसकी जगह क्रम 1, 1, 1, 1 ऐसा लिखा गया था। इससे विद्यार्थियों में भ्रम निर्माण हो गया।
कौन से प्रश्न का कौन सा क्रमांक लिख कर उत्तर लिखना है, यह उन्हें समझ नहीं आया। राज्य शिक्षा मंडल जैसी जिम्मेदार संस्था की परीक्षा में लगातार इस प्रकार की गलतियों से विद्यार्थियों और पालकों के साथ-साथ शिक्षकों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। प्रश्न-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया में शिक्षकों से लेकर अधिकारियों की बड़ी फौज काम करती है। प्रश्न-पत्र तैयार होने के बाद कई स्तरों पर जांच की जाती है। इतनी सख्त प्रक्रिया के बावजूद प्रश्न-पत्र में गलतियां हो रही हैं। यह इस बात की ओर भी इशारा करता है कि आखिर राज्य शिक्षा मंडल में कितनी लापरवाही से काम हाे रहा है।
अंग्रेजी के पेपर में हुई थी गलती
इसके पूर्व मंगलवार को अंग्रेजी का पेपर हुआ, जिसमें 6 अंकों के कुल 3 प्रश्नों में गलती हुई थी। दरअसल इन तीन प्रश्नों के साथ ही उन्हें कैसे जांचना है, इसकी सूचनाएं भी लिखी गई थी। जो कि मूल्यांकनकर्ताओं को दी जाने वाली मॉडल उत्तर पुस्तिका से कॉपी पेस्ट किए गए थे। लेकिन परीक्षा के दौरान इन अटपटे प्रश्नों को देख कर विद्यार्थियों के होश उड़ गए थे।
3 नकलची पकड़े
बुधवार को हुए हिंदी में भी कई परीक्षार्थियों ने नकल का प्रयास किया। नागपुर से 1 तो गोंदिया से 2 ऐसे कुल 3 नकलची पकड़े गए। इसके पूर्व अंग्रेजी के पेपर में भी उड़न दस्तों ने 9 नकलची पकड़े थे।
Created On :   23 Feb 2023 11:26 AM IST