- Home
- /
- निगम महापौर के आश्वासन के बाद...
निगम महापौर के आश्वासन के बाद निगमकर्मियों ने धरना किया स्थगित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के खिलाफ आज कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, हालांकि धरना प्रदर्शन को देखते हुए कर्मचारियों की युनियन ने महापौर व निगम प्रशासन से मुलाकात की और धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया। हालांकि कर्मचारियों की यूनियन ने अपना धरना प्रदर्शन 3 हफ्ते के लिए स्थगित किया है, बोले, यदि प्रशासन की तरफ से लापरवाही रही तो तीन हफ्ते बाद धरना प्रदर्शन फिर किया जाएगा।
इस बैठक के दौरान स्थायी समिति के अध्यक्ष जोगी राम जैन व नेता सदन छैल बिहारी गोस्वामी उपस्थित रहे। उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने आज बताया कि, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों की यूनियन के साथ बैठक के बाद कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि, आज कर्मचारियों की यूनियन और निगम के अधिकारियों के साथ एक सकारात्मक बैठक हुई। हमने निगम कर्मचारियों की अधिकतम मांगो पर कार्यवाही करने की मांग मान ली है, जिसके बाद कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया है।
दरअसल कर्मचारियों की यूनियन की मुख्य मांग महंगाई भत्ते के संबंध में थी, जिसके लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने आज सकरुलर जारी कर दिया है व अन्य मांगों पर कार्यवाही की जा रही है। स्थायी समिति अध्यक्ष जोगी राम जैन ने बताया कि, उत्तरी दिल्ली नगर निगम कर्मचारियों से संबंधित सभी मुद्दों से अवगत है और उन्हें जल्द से जल्द हल करने के प्रयास किये जा रहे है।
कन्फेडरेशन ऑफ एमसीडी इम्प्लॉय यूनियन के कन्वेनर अस्लम परवेज ने बताया कि, निगम प्रशासन के साथ हमारी बैठक हुई जिसमें यह तय हुआ है कि हमारे 7 हजार टीचर्स जिनकी पिछले 4 महीने की तनख्वाह नहीं मिली है उन्हें जल्द एक महीने की तनख्वाह दी जाएगी। वहीं अगले चरण में सफाई कर्मचारियों की तनख्वाह दी जाएगी, साथ ही उसके बाद अन्य कर्मचारियों की तनख्वाह निगम की ओर से दी जाएगी। निगम इन सभी कर्मचारियों की तनख्वाह अगले 15 दिन में दे देगी और तीन हफ्ते बाद हमारी फिर बैठक होगी यदि इन मांगों को पूरा नहीं किया गया होगा तो हम फिर धरने पर बैठेंगे।
(आईएएनएस)
Created On :   13 Dec 2021 9:00 PM IST