- Home
- /
- आजीवन सदस्यों से ग्रुप में मेल-जोल...
आजीवन सदस्यों से ग्रुप में मेल-जोल बढ़ा रहे प्रत्याशी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। शिवाजी शिक्षण संस्था के चुनाव प्रक्रिया की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। व्यक्तिगत चुनाव प्रचार के बाद अब दोनों ही पैनल के प्रत्याशी चुनाव में मतदान करने वाले आजीवन सदस्यों से समूहों में मुलाकात कर रहे हैं। भले ही अमरावती शहर में चुनाव के एक तिहाई मतदाता हैं लेकिन सभी प्रत्याशी उतनी ताकत के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र और अन्य जिलों में चुनाव प्रचार में भिड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार एक ओर प्रगति पैनल से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हर्षवर्धन देशमुख और विकास पैनल के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नरेशचंद्र ठाकरे के नेतृत्व में चुनाव प्रचार तेज हो गया है।
विशेष बात यह है कि अध्यक्ष पद के दोनों दावेदार प्रत्येक आजीवन सदस्य से चुनाव के अंतिम दौर में समूह मंे एक बार मिलने में लगे हुए हैं जिससे अपना मतदान पक्का कर सकें। अमरावती के अलावा यवतमाल, अकोला, अंजनगांव-दर्यापुर, वरूड़-मोर्शी, आकोट तेलारा आदि सभी जगह चुनाव प्रचार के लिए एक जगह बुलाकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
ऐसे चल रहा चुनाव प्रचार
प्रगति पैनल के वर्तमान अध्यक्ष हर्षवर्धन देशमुख अपने पुराने कार्यकाल में किए गए कार्यों की उपलब्धियां बता रहे हैं। साथ ही घोषणा पत्र में चुनाव में जीत के बाद किए जाने वाले विभिन्न कार्य बताए हैं। वहीं विकास पैनल ने अपने घोषणा पत्र में विभिन्न घोषणाओं को शामिल किया है। दोनों पैनलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए आजीवन सदस्य अर्थात मतदाताओं के लिए भी योजना चलाने का वादा किया है।
Created On :   3 Sept 2022 5:15 PM IST