- Home
- /
- होर्डिंग्स से गृहमंत्री अमित शाह की...
होर्डिंग्स से गृहमंत्री अमित शाह की फोटो गायब

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर उनके समर्थक की ओर से शुभकामना संदेश भरा होर्डिंग्स लगाया गया है। उस होर्डिंग में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की फोटो नहीं है। भाजपा के होर्डिंग्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह की फोटो लगी रहती है। अचानक शाह की फोटो गायब होने की चर्चाएं हो रही हैं। माना जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ता नाराज हैं।
राजनीतिक कौशल की सराहना की जा रही थी : राज्य में राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान माना जा रहा था कि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बनेंगे। शिवसेना के बागी विधायकों को सूरत व गुवाहाटी में रखा गया। उस दौरान भी खबरें आ रही थीं कि फडणवीस के समर्थक कार्यकर्ताओं के माध्यम से बागी विधायकों को संभालकर रखा जा रहा है। पूरे घटनाक्रम के दौरान फडणवीस के राजनीतिक कौशल की सराहना की जा रही थी। बगावत के समय शिंदे ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को संदेश भिजवाया था कि भाजपा को राज्य सत्ता की कमान दी जाए और फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाया जाए।
बदल गया घटनाक्रम : फडणवीस ने मुंबई में पत्रकार वार्ता में कहा कि शिंदे मुख्यमंत्री होंगे और वे मंत्रिमंडल में शामिल नहीं रहेंगे, लेकिन कुछ मिनट बाद ही घटनाक्रम बदल गया। भाजपा के अध्यक्ष जगतप्रसाद नड्डा ने सोशल मीडिया पर आह्वान किया कि फडणवीस महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करें। फिर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी फडणवीस को फोन करके मंत्री पद की शपथ लेने को कहा। फडणवीस समर्थकों का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं ने फडणवीस को पद अवनत किया है। फडणवीस सरकार के संरक्षक की भूमिका में रहना चाहते थे, लेकिन आदेश देकर मंत्रिमंडल में कनिष्ठ स्तर पर रहने को कहा गया। यह भी सुना गया कि फडणवीस के राजनीतिक कद को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रोटोकॉल के अनुसार होर्डिंग : गुरुवार को फडणवीस के उपमुख्यमंत्री बनने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त नहीं की। आतिशबाजी के कार्यक्रम रद्द कर दिए। शुक्रवार को पूर्व महापौर संदीप जोशी के होर्डिंग्स विविध स्थानाें पर दिखे, जिसमें फडणवीस के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, शहर अध्यक्ष प्रवीण दटके की फोटो हैं। अन्य शहरों में भी फडणवीस के शुभकामना होर्डिंग में अमित शाह की फोटो नहीं है। इस पर संदीप जोशी ने कहा है कि पार्टी के प्रोटोकॉल के अनुसार होर्डिग में फोटो लगी हैं। फडणवीस पहले मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होना चाहते थे, लेकिन बाद में पार्टी के आदेश का पालन करते हुए शामिल हुए। फडणवीस पार्टी नेताओं से नाराज नहीं हैं।
शिंदे के होर्डिंग लगे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर शिवसेना में असंतोष है। उद्धव ठाकरे समर्थक यह मानने को तैयार नहीं हैं कि शिंदे शिवसेना के मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले शिंदे के समर्थन में होर्डिंग या पोस्टर लगाने वालों को शिवसेना पदाधिकारियों ने चुनौती दी थी, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद शिंदे के समर्थन में कार्यकर्ता सामने आने लगे हैं। शिवसेना के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके किरण पांडव ने शिंदे को मुख्यमंत्री पद की शुभकामना होर्डिंग के माध्यम से दी है।
Created On :   2 July 2022 6:15 PM IST