- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- निगम की लापरवाही से अतिक्रमण करने...
Jabalpur News: निगम की लापरवाही से अतिक्रमण करने वालों को मिली खुली छूट, राहगीर परेशान

Jabalpur News: रांझी मेन रोड पर शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से लेकर व्हीकल मोड़ तक एक बार फिर अवैध कब्जे हो गए हैं। यहां पर सड़क के दोनों तरफ लोहे के टपरे जमा लिए गए हैं। इससे यहां पर दिन भर यातायात बाधित हो रहा है। क्षेत्रीय नागरिक नगर निगम से कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से लेकर व्हीकल मोड़ तक दिन भर हेवी ट्रैफिक रहता है। इस सड़क से आयुध निर्माणी खमरिया, जीसीएफ, व्हीएफजे, सीओडी और 506 आर्मी बेस वर्कशॉप के कर्मचारी सुबह-शाम आते-जाते हैं। अमरकंटक, डिंडौरी और कुंडम की बसें भी इसी सड़क से निकलती हैं। यहां पर कई स्कूल और कॉलेज हैं। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की बाउंड्रीवॉल के किनारे बड़े पैमाने पर लोहे के टपरे जमा लिए गए हैं। सड़क के दूसरी तरफ सब्जी की दुकानें लग रही हैं। इससे यहां पर रोज जाम लग रहा है। शाम के समय तो यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है।
कई बार हो चुकी है कार्रवाई, फिर जम जाते हैं टपरे
शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से व्हीकल मोड़ तक नगर निगम कई बार अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई कर चुका है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि जब नगर निगम की कार्रवाई होती है तो अवैध कब्जे करने वाले अपने टपरे इंजीनियरिंग कॉलेज के खाली बंगलों और एमपीईबी ऑफिस में रख देते हैं। दो-तीन दिन बाद दोबारा टपरों को सड़क के किनारे जमा लिया जाता है। एक बार कार्रवाई करने के बाद नगर निगम की अतिक्रमण टीम दोबारा वहां पर नहीं आती है।
जलशोधन संयंत्र के सामने जाली तक तोड़ डाली
नगर निगम ने जलशोधन संयंत्र के सामने सड़क के किनारे अवैध कब्जे रोकने के लिए जाली लगाई थी। अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने जलशोधन संयंत्र के सामने की जाली तक तोड़ डाली। अब यहां पर खुलेआम बांस-बल्लियों और सब्जी की दुकानें लगाई जा रही हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि नगर निगम ने जाली तोड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं कराई। नगर निगम की अनदेखी के कारण अवैध कब्जे करने वालों को खुली छूट मिल गई है। इसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से व्हीकल मोड़ तक सड़क के किनारे अतिक्रमण होने की जानकारी मिली है। जल्द ही यहां पर कार्रवाई की जाएगी।
- मनीष तड़से, प्रभारी, अतिक्रमण शाखा
Created On :   29 Sept 2025 4:33 PM IST