- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- उद्यानों में खतरा, क्या और भी किसी...
Jabalpur News: उद्यानों में खतरा, क्या और भी किसी की जान लेने के बाद ही सुधारे जाएंगे ये खुले पड़े जानलेवा तार

Jabalpur News: सर्दी के मौसम के साथ ही पिकनिक का दौर भी शुरू हो गया है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग शहर के उद्यानों में पिकनिक के लिए पहुंचने लगे हैं। हैरानी की बात ये है कि उद्यानों में खुले पड़े बिजली के तारों को अभी तक व्यवस्थित नहीं किया गया है। नगर निगम के अमले की यह लापरवाही किसी की जान पर भारी भी पड़ सकती है। लोगों का कहना है कि इन जानलेवा तारों को जल्द दुरुस्त किया जाना चाहिए।
सुबह-सुबह भंवरताल उद्यान में पड़ताल की गई, तो जहां-तहां बिजली के तार पहले की तरह ही खुले हुए दिखाई दिए। जगह-जगह लैम्प पोस्ट के बॉक्स भी खुले हुए थे। गार्डन में सैर-सपाटे पर आए नागरिकों ने बताया कि भंवरताल उद्यान में आए दिन चित्रकला और अन्य प्रतियोगिताएं होती हैं, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे भाग लेते हैं। नगर निगम के अधिकारियों से कई बार बिजली के बॉक्स बंद करने की शिकायतें की जा चुकी हैं। टैगोर उद्यान में भी कई जगह बिजली के तार खुले हुए हैं। जहां पर बच्चे झूला झूलते हैं, वहीं पर बिजली के तार खुले हुए हैं।
नवनिर्मित सिविक सेंटर गार्डन में भी तारों के गुच्छे
स्मार्ट सिटी ने तीन साल पहले सिविक सेन्टर उद्यान का निर्माण किया था। तीन साल में ही उद्यान में लगे लैम्प पोस्ट के बॉक्स चोरी हो चुके हैं। इनके बॉक्स खुले होने के कारण यहां पर खतरा मंडरा रहा है। नगर िनगम के मुख्यालय के सामने स्थित नेहरू उद्यान में भी यही हालत है। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर करंट लगने से कई हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई सबक नहीं लिया।
कब-कब हुई दुर्घटना
कजरवारा में महाकाली विसर्जन जुलूस के दौरान करंट से दो युवकों की मौत।
बरेला में ट्रांसफाॅर्मर के खुले तार से करंट लगने से एक महिला की मौत।
बरगी हिल्स में नवरात्र के दौरान करंट लगने से दो बच्चों की मौत।
मेडिकल कॉलेज तिराहे पर फव्वारे के खुले तार से करंट लगने से एक बालक की मौत।
नगर निगम के सभी उद्यानों का निरीक्षण कराया जाएगा। जहां पर भी बिजली के बॉक्स और तार खुले हुए पाते जाते हैं, उनको जल्द ही दुरुस्त करने के निर्देश जाएंगे।
-विद्यानंद बाजपेयी, अपर आयुक्त नगर निगम
Created On :   15 Nov 2025 2:32 PM IST












