मंत्री धनंजय मुंडे ने दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने वाली रेणू शर्मा को दिए थे 50 लाख रुपए व आईफोन 

Minister Dhananjay Munde gave 50 lakh rupees and iPhone to Renu Sharma
मंत्री धनंजय मुंडे ने दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने वाली रेणू शर्मा को दिए थे 50 लाख रुपए व आईफोन 
महाराष्ट्र मंत्री धनंजय मुंडे ने दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने वाली रेणू शर्मा को दिए थे 50 लाख रुपए व आईफोन 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सामाजिक न्यायमंत्री धनंजय मुंडे ने दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दे रही रेणू शर्मा को हवाला के जरिए 50 लाख रुपए और आईफोन भिजवाया था। जबरन वसूली के मामले में शनिवार को दायर आरोपपत्र में मुंबई पुलिस ने यह दावा किया है। पैसे और फोन मुंबई से इंदौर भिजवाए गए थे। मामले में दो हवाला कारोबारियों ने अपने बयान में मुंडे के कहने पर रेणू को पैसे और फोन देने की बात स्वीकार की है। 
                        
साथ ही पुलिस का दावा है कि मुंडे को उनकी दूसरी पत्नी होने का दावा करने वाली करुणा शर्मा की बहन रेणू ने पैसों के लिए इतना परेशान किया कि मानसिक तनाव के चलते उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हो गया। इस वजह से मुंडे को 12 अप्रैल से 16 अप्रैल तक ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। शर्मा को पुलिस ने 20 अप्रैल को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया था। उन पर मुंडे से 5 करोड़ रुपए मांगने का आरोप था।

आरोप है कि पैसे न देने पर रेणू शर्मा मुंडे के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दे रही थी। पुलिस के मुताबिक लगातार पैसों के लिए परेशान किए जाने के चलते मुंडे डिप्रेशन में चले गए थे, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। पुलिस ने मुंडे की मेडिकल रिपोर्ट भी आरोपपत्र में शामिल किया है।  

कमाई का जरिया नहीं लेकिन खरीदा 54 लाख का ड्यूप्लेक्स

पुलिस ने आरोपपत्र में कहा है कि रेणू के पास आय का कोई साधन नहीं है लेकिन उसके बैंक खातों से बड़ी रकम का लेन देन हुआ है। साल 2017 में उसने मुंबई के ओशिवारा इलाके की एक बैंक की शाखा में खाता खोला था। फरवरी में इसमें 6652 रुपए ही थे लेकिन बाद में इस खाते में मोटी रकम भेजी गई। पुलिस ने इंदौर के एक बिल्डर के बयान को भी आरोपपत्र का हिस्सा बनाया है, जिसमें उसने बताया है कि रेणू ने इंदौर के बीसीएम पार्क में नेपियंसी रोड पर एक ड्यूप्लेक्स फ्लैट बुक किया है जिसकी कीमत 54 लाख रुपए से ज्यादा है। पुलिस का दावा है कि संपत्ति जबरन वसूली के पैसे से खरीदी गई।

पुलिस के मुताबिक मुंडे और करुणा के बीच चल रहे विवाद के दौरान रेणू ने भी ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मुंडे के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दी थी। हालांकि उसके पास कोई सबूत नहीं हैं। बाद में शिकायत वापस ले ली गई थी। इसी साल फरवरी महीने में रेणू ने फिर मुंडे को पैसे, मुंबई में दुकान और मोबाइल के लिए दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक वह अब भी इस बात की जांच कर रही है कि क्या मामले में रेणू के रिश्तेदार की भी कोई भूमिका है। बता दें कि मुंडे ने मामले में मलाबार हिल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि साल 2004 से उनके और करुणा के रिश्ते हैं और दोनों के दो बच्चे भी हैं। 

करुणा शर्मा के खिलाफ एट्रोसिटी का मामला दर्ज

राज्य के सामाजिक न्यायमंत्री धनंजय मुंडे की कथित दूसरी पत्नी करुणा शर्मा के खिलाफ पुणे पुलिस ने एट्रोसिटी कानून के तहत एफआईआर दर्ज की है। एक 23 वर्षीय महिला ने शिकायत की है कि शर्मा के उसके पति से संबंध हैं और शर्मा ने उसे जातिसूचक टिप्पणियों के साथ अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी। महिला के पति के खिलाफ भी पुलिस ने इसी मामले में अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न, धरेलू हिंसा और मारपीट के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। 
                    
महिला का दावा है कि उसके पति ने उस पर तलाक देने के लिए दबाव बनाया। येरवडा पुलिस स्टेशन में दी गई अपनी शिकायत में महिला ने पुलिस को बताया है कि वह और उसके पति उस्मानाबाद में रहते थे। नवंबर 2011 में वह करुणा शर्मा से पहली बार मिली थी। महिला के मुताबिक उसका पति बार-बार शर्मा के पुणे स्थित घर पर जाकर रहता था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक इसी साल 16 फरवरी को उनका पति उन्हें भोसरी इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में ले गया था जहां शर्मा ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए हाकी स्टिक दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और पति को तलाक देने को कहा। महिला की शिकायत के आधार पर शर्मा और महिला के पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।

Created On :   20 Jun 2022 2:24 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story