- Home
- /
- सट्टा किंग यादव ने किया महिला से...
सट्टा किंग यादव ने किया महिला से दुष्कर्म, 8 पर मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बस्तरवारी, इतवारी के सट्टा किंग के नाम से कुख्यात अशोक यादव उर्फ बावाजी के खिलाफ एक 40 वर्षीय महिला से जबरन दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में मुख्य आरोपी अशोक यादव सहित 8 आरोपियों पर तहसील थाने में विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह हैं धमकाने वाले आरोपी : जिन आरोपियों पर यह मामला दर्ज है, उनमें मुख्य आरोपी अशोक यादव उर्फ बावाजी पर जबरन दुष्कर्म करने का मामला दर्ज हुआ है। दुराचार के बाद पीड़िता को धमकाने वाले शेष अन्य आरोपी अशोक की पत्नी कविता यादव, आशीष यादव, महेश चंपालाल यादव, बस्तरवारी इतवारी, पन्नालाल उर्फ मुन्ना किसनलाल श्रीवास, कावरापेठ, धनराज उर्फ कल्लू कलसे, शांति नगर और सचिन यादव का समावेश है। आरोपी पन्नालाल उर्फ मुन्ना, धनराज उर्फ कल्लू और महेश यादव को गिरफ्तार किया है। अशोक यादव को गत अप्रैल माह में तड़ीपार किया गया है।
यह है मामला : पीड़ित महिला वर्ष 2004 में अपनी मौसी के घर शांति नगर में एक कार्यक्रम में गई थी। तब उसकी अशोक यादव से पहली बार मुलाकात हुई, तब अशोक ने खुद को अविवाहित बताया था। झांसे में आई महिला और अशोक कुछ ही समय में गहरे दोस्त बन गए। अशोक ने इस दौरान महिला से कई बार जबरन संबंध बनाए। वर्ष 2005 में जब महिला को पता चला कि, अशोक अापराधिक छवि का व्यक्ति है। शांति नगर में उसकी काफी दहशत है और वह शादीशुदा है, तब महिला ने उससे सारे संबंध तोड़ लिए। महिला ने पुणे में एक व्यक्ति से शादी कर ली। अशोक ने उसके पति को आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भेजे, तो उसने महिला को छोड़ दिया।
वह नागपुर आ गई। वर्ष 2007 में अशोक, महिला के मायके गया और मौका पाकर उससे जबरन दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत करने की बात करने पर अशोक ने उसे शादी करने का झांसा देकर महिला को वर्धमान नगर में भक्ति सागर नामक अपार्टमेंट में एक फ्लैट दिलाया। फ्लैट में अशोक उसके साथ रहने लगा। वर्ष 2012 में अशोक ने उससे विवाद किया, तो वह मायके चली गई। अशोक ने फिर उसे मना लिया। वर्ष 2020 में जब कोरोनाकाल में अशोक का सट्टे का धंधा बंद हो गया, तब वह महिला के मायके से नकद 6 लाख और कुछ सोना लेकर आया, जब महिला ने गहने, नकदी वापस मांगे, तो उसे गाली-गलौज कर, तेजाब फेंकने की धमकी दी जाने लगी। अशोक के साथ उसके परिजन और साथी भी महिला को धमकाने लगे। उसके घर घातक शस्त्र लेकर भी गए। अशोक के खौफ के कारण महिला हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। महिला की शिकायत पुलिस भी लेने से कतरा रही थी। अंत में वह जब वरिष्ठ अधिकारी के पास पहुंची और आपबीती सुनाई तब जाकर तहसील थाने में मामला दर्ज हुआ है।
धमकी : थाने में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा : पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय महिला ने अशोक यादव के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। दुराचार के बाद मुख्य आरोपी अशोक यादव व अन्य आरोपियों ने पीड़िता को धमकाया कि, उसने घटना के बारे में थाने में शिकायत की, तो अंजाम ठीक नहीं होगा। डरी-सहमी पीड़िता ने पुलिस विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात कर उन्हें अपनी आपबीती सुनाने पर उक्त आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया।
5 बार गर्भपात कराने का आरोप : अशोक यादव पर आरोप है कि, उसने महिला का 5 बार गर्भपात कराया। अशोक यादव तड़ीपार के समय पीड़िता के साथ ही समय बिताता था। आरोप है कि, अशोक और उसकी बेटी है, जो करीब 5 साल की है। छठवीं बार उसने गर्भपात नहीं कराया और उसने बेटी को जन्म दिया। पीड़िता ब्यूटी पार्लर चलाकर गुजर बसर करती है।
Created On :   6 July 2022 12:17 PM IST