- Home
- /
- नागपुर में ही लिया जाए विधानसभा का...
नागपुर में ही लिया जाए विधानसभा का शीतसत्र

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। विधानसभा का शीतकालीन अधिवेशन दो साल से नागपुर में नहीं हुआ है। पिछले 2 वर्षों से नागपुर का शीत कालीन अधिवेशन नहीं हुआ है। इसलिए अब आगामी मानसून व शीतसत्र नागपुर में लेने की मांग विधायक किशोर जोरगेवार ने विधानसभा में की। मुंबई में बुलाए गए विशेषसत्र में राहुल नार्वेकर का विधानसभा अध्यक्ष पद पर चयन किया। इस समय उन्हें बधाई देते हुए यह मांग विधायक जोरगेवार ने की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र राज्य की उपराजधानी नागपुर में है।
नागपुर समझौते के तहत प्रतिवर्ष राज्य विधिमंडल का एक अधिवेशन लिया जाता है परंतु कोरोना महामारी के दौरान 2020 का शीतसत्र नागपुर में नहीं लिया। उसके पश्चात मानसून अधिवेशन समाप्ति के बाद शीतसत्र 7 दिसंबर 2021 से नागपुर में लिए जाने की घोषणा की गई थी। किंतु वह अधिवेशन मुंबई में लिया गया। जोरगेवार ने कहा कि विदर्भ के कामगारों के प्रश्न, उद्योग धंधे, बेरोजगारी, कृषि, किसानों की आत्महत्या, सड़कों की दयनीय अवस्था, बेमौसम बारिश से फसलों का नुकसान, सिंचाई, पर्यटन, उद्योग निवेश, सर्वांगीण विकास ऐसे विदर्भ के कई प्रश्न लंबित है। इस पर उपाययोजना करने के लिए नागपुर में शीतकालीन अधिवेशन लेना अत्यावश्यक है।
शेष महाराष्ट्र की तुलना में विदर्भ का अनुशेष सर्वाधिक है। उसे पूरा करना जरूरी है। इसलिए विदर्भ की जनता प्रतिवर्ष नागपुर के अधिवेशन की राह देखती है। राज्य के दूसरे छोर पर बसे मुंबई की ओर हर बार सफर करना मुश्किल होता है। नागपुर समझौते के अनुसार कुछ दिन के लिए सरकार को नागपुर में लाया जाएगा व राज्य कानून का एक अधिवेशन प्रतिवर्ष नागपुर में लिया जाएगा। कम से कम 6 सप्ताह का विधानसभा सत्र अधिवेशन नागपुर में लिए जाने का तय हुआ था। इसलिए अब मानसून व शीतकालीन अधिवेशन नागपुर में लेने की मांग जोरगेवार ने की है।
Created On :   5 July 2022 7:27 PM IST