- Home
- /
- विदेशी दोस्त से तोहफे का लालच पड़ा...
विदेशी दोस्त से तोहफे का लालच पड़ा मंहगा, महिला ने गंवाए दो लाख

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विदेशी दोस्तों से तोहफा पाने की कोशिश में ठगी का शिकार हो रही महिलाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला है मुंबई से सटे भायंदर इलाके का। यहां सोशल मीडिया पर दोस्त बने एक शख्स से गिफ्ट हासिल करने के लालच में 35 वर्षीय महिला ने करीब दो लाख रुपए गंवा दिए। पैसे देने के बाद भी जब गिफ्ट की जगह धोखा मिला तो महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत में महिला ने बताया है कि इसी साल जून महीने में फेसबुक पर उसकी दोस्ती ग्रे बेनसन नाम के शख्स से हुई थी। दोनों ने फेसबुक पर चैटिंग शुरू की। इसके बाद धीरे-धीरे नजदीकी बढ़ने लगी। बेनसन ने महिला को बताया कि वह लंदन में रहता है। दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर लिए और एक दूसरे से फोन पर बात करना और माध्यमों के जरिए संदेश भेजना भी शुरू कर दिया। कुछ महीनों बातचीत का सिलसिला चला और इसके बाद खुद को इंजीनियर बताने वाले बेनसन ने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।
महिला खुशी से फूली नहीं समा रही थी। इसी बीच बेनसन ने महिला से कहा कि वह लंदन से उसके लिए एक मंहगा तोहफा भेज रहा है। कुछ दिनों बाद महिला को एक शख्स ने फोन किया और कहा कि वह पार्सल ऑफिस से बोल रहा है। फोन करने वाले शख्स ने महिला को कहा कि तोहफा बेहद मंहगा है और उसे पाने के लिए टैक्स भरना पड़ेगा।
तोहफा पाने के लालच में महिला ने धीरे-धीरे 1 लाख 83 हजार रुपए भर दिए। लेकिन तोहफा तो मिला नहीं लंदन के कथित दोस्त ने भी संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने ठगी के आरोपी में आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
Created On :   10 Sept 2018 12:30 AM IST