हादसा: तीन मौतें...सडक़ हादसे में युवक की मौत, पानी में डूबने और जहर से दो ने गंवाई जान

तीन मौतें...सडक़ हादसे में युवक की मौत, पानी में डूबने और जहर से दो ने गंवाई जान
  • पहली घटना पांढुर्ना के तीगांव बाइपास की
  • घायल अवस्था में मिला युवक
  • अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/पांढुर्ना। पांढुर्ना के तीगांव बाइपास पर शनिवार को घायल अवस्था में एक युवक मिला था। डायल-100 स्टाफ ने युवक को सिविल अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरी घटना मोहखेड़ के पालाखेड़ के समीप कोंडर गांव की है। यहां मानसिक रूप से बीमार एक शख्स का शव कुएं में उतराता मिला है। तीसरी घटना बिछुआ के पनियारी की है। यहां एक युवक ने जहर पी लिया था। इलाज के दौरान रविवार सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

हाईवे पर घायल मिले युवक ने तोड़ा दम

तीगांव के समीप बाइपास पर शनिवार को एक युवक घायल अवस्था में मिला था। पुलिस ने युवक को सिविल अस्पतला शिफ्ट कराया था। शनिवार रात तक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे नागपुर रेफर किया था। परिजन न होने से घायल को नागपुर शिफ्ट नहीं किया जा सका। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। रविवार को मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे थे। तब मृतक की पहचान जुनेवानी निवासी प्रवीण संपत गजामे (29) में हुई। प्रवीण विवाह समारोह में जाने घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

कुएं में मिला मानसिक बीमार का शव

मोहखेड़ के पालाखेड़ के समीप कोंडर गांव में रविवार को कुएं में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान अम्बामारी निवासी 22 वर्षीय आकाश पिता लाखा घाघरे के रूप में हुई है। आकाश मानसिक रूप से बीमार था। शनिवार को आकाश घर से भागा था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

जहर के सेवन से युवक की मौत

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि बिछुआ के पटनिया निवासी 19 वर्षीय अजय पिता राजेश वन ने शनिवार रात अज्ञात कारणों के चलते जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे सौंसर अस्पताल में भर्ती कराया था। सौंसर अस्पताल से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। यहां इलाज के दौरान रविवार सुबह युवक की मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

Created On :   28 April 2024 7:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story