Instagram न्यू फीचर: अब पब्लिश होने के बाद भी फीड और कैरोसेल पोस्ट का म्यूजिक बदल सकेंगे यूजर्स

अब पब्लिश होने के बाद भी फीड और कैरोसेल पोस्ट का म्यूजिक बदल सकेंगे यूजर्स
इंस्टाग्राम के नए फीचर्स से यूजर्स अपनी पहले से पब्लिश की गई फीड पोस्ट और कैरोसेल पोस्ट में भी म्यूजिक बदल सकेंगे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पॉपुलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram लगातार ऐसे फीचर्स जोड़ रहा है जो कंटेंट एडिटिंग को आसान बनाते हैं। वहीं अब अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर पेश किया है। जिससे यूजर्स अपनी पहले से पब्लिश की गई फीड पोस्ट और कैरोसेल पोस्ट में भी म्यूजिक बदल सकेंगे। पहले यदि किसी पोस्ट में गलत गाना चुन लिया जाता था या बाद में कोई बेहतर ट्रेंडिंग ट्रैक जोड़ना होता था, तो इसके लिए पूरी पोस्ट को डिलीट करके दोबारा अपलोड करना पड़ता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

अब पोस्ट डिलीट करने की नहीं पड़ेगी जरूरत

Instagram के इस नए अपडेट के बाद यूजर्स अपनी पहले से शेयर की गई फोटो पोस्ट और कैरोसेल पोस्ट में मौजूद म्यूजिक को कभी भी बदल सकते हैं। यानी अगर आपने किसी पोस्ट के साथ ऐसा गाना लगाया है जो अब पसंद नहीं आ रहा या वह ट्रेंड से बाहर हो गया है तो आप बिना पोस्ट हटाए नया गाना चुन सकते हैं। इससे दोबारा पोस्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आपकी पोस्ट पर आए लाइक्स, कमेंट्स और शेयर भी बने रहेंगे।

कैसे बदलें पोस्ट का म्यूजिक?

- सबसे पहले Instagram ऐप खोलें।

- इसके बाद अपनी प्रोफाइल पर जाएं।

- अब आपको जिस फीड या कैरोसेल पोस्ट का म्यूजिक बदलना है, उसे ओपन करें।

- पोस्ट के ऊपर दिए गए तीन डॉट (⋮) मेन्यू पर टैप करें।

- अब Edit विकल्प चुनें।

- अब Music सेक्शन में जाकर नया गाना चुनें।

- Save Changes करते ही पोस्ट का म्यूजिक अपडेट हो जाएगा।

इस फीचर का किन लोगों को फायदा?

यह फीचर खास तौर पर कंटेंट क्रिएटर्स, इंफ्लुएंसर्स और बिजनेस अकाउंट्स के लिए काफी यूजफुल साबित होगा। अब वे किसी पोस्ट को दोबारा अपलोड किए बिना ट्रेंडिंग गानों का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे पोस्ट की रीच और एंगेजमेंट बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

Created On :   22 July 2026 1:40 PM IST

Tags

Next Story