अजब गजब: नशे में खा लिए दो सांप, तीसरा खाने से पहले लोगों ने रोका, हॉस्पिटल में हुआ एडमिट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड के चतरा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। शराब के नशे में ऐसा काम किया है, जो कोई सोच भी नहीं सकता है। शख्स ने एक नहीं बल्कि दो सांप खा लिए। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक से बिगड़ गई और उसको अस्पताल ले जाना पड़ा। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं और वहीं, झारखंड के गढ़वा जिले भी सांप से संबंधित दूसरी घटना हुई है। सुबह टहल रही एक महिला पर सांप ने हमला कर दिया, जिसके बाद इलाके में दोनों ही घटनाओं की चर्चा हो रही है।
नशे में दो सांप खा गया व्यक्ति
चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के बरवाडीह टोला में 46 साल का बुधन भारती अपने दोस्तों के साथ बैठा था। उसने काफी शराब पी रखी थी। तभी पास में एक सांप दिखाई दिया। बुधन ने उसे पकड़ लिया। साथ मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और सांप को खा लिया। इसके बाद वह खेत में गया और वहां पड़ा दूसरा मरा हुआ सांप भी खा गया। फिर उसने दोबारा शराब पी और तीसरे सांप की तरफ बढ़ा। तभी परिवार के लोग पहुंच गए और उसे रोक लिया।
यह भी पढ़े -अपने पैशन को फॉलो करने के लिए गूगल की नौकरी छोड़कर की भारी मेहनत, खड़ा कर लिया अपना बिजनेस
बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में चल रहा इलाज
कुछ देर बाद बुधन की तबीयत खराब होने लगी। उसका शरीर पीला पड़ गया। परिवार वाले उसे तुरंत प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। डॉक्टरों का कहना है कि जहरीले सांप को पकड़ना या खाना बहुत खतरनाक होता है। ऐसे मामलों में जान का भी खतरा हो सकता है। फिलहाल उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़े -आप भी टोटकों पर करते हैं विश्वास? ऐसे ही शख्स ने आंख फड़कने को रोकने के चलते किया खुद का हाल-बेहाल
गढ़वा में महिला पर सांप का हमला
गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के जतरो गांव में 60 साल की फूलबसिया कुंवर सुबह घर के बाहर टहल रही थीं। तभी एक जहरीला सांप उनके पैर से लिपट गया और दो बार काट लिया। महिला ने उसे हटाने की कोशिश की, तो सांप ने उनके हाथ पर भी काट लिया। परिजन उन्हें तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। अभी उनकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है।
Created On :   5 July 2026 5:40 PM IST













