अजब गजब: आप भी टोटकों पर करते हैं विश्वास? ऐसे ही शख्स ने आंख फड़कने को रोकने के चलते किया खुद का हाल-बेहाल

आप भी टोटकों पर करते हैं विश्वास? ऐसे ही शख्स ने आंख फड़कने को रोकने के चलते किया खुद का हाल-बेहाल
चीन के वुहान शहर में शख्स ने अपनी दाईं आंख को फड़कने से रोकने के लिए अपनी आंखों पर मारना शुरू कर दिया। जिसके बाद उसे डॉक्टर के पास जाना पड़ा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन के वुहान में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति की दाहिनी (right) आंख कई दिनों से फड़क रही थी। उसने इसको बुरा संकेत माना और फिर डॉक्टर के पास जाने की जगह उसने इंटरनेट पर उपाय ढूंढे। इसके बाद उसने वहां पर पढ़ी हुई बातों का भरोसा किया और अपनी आंखों पर जोर से मारने लगा। ऐसा उसने तीन दिनों तक लगातार किया और इससे उसकी आंख की हालत खराब हो गई। धीरे-धीरे उसको साफ दिखना भी बंद हो गया। लेकिन परेशानी तो तब बढ़ गई जब वो अस्पताल गया और रिपोर्ट में पता चला कि आंख को भारी नुकसान हुआ है। समय पर इलाज मिल गया इसलिए उसकी आंखों की रोशनी बची हुई है।

अंधविश्वास पड़ा भारी

चीन में कई लोग मानते हैं कि दाहिनी आंख फड़कना बुरा होता है। इसी बात से डरकर उस व्यक्ति ने गलत कदम उठा लिया। उसने आंख के आसपास बार-बार थप्पड़ मारे। इससे आंख के अंदर की परत अपनी जगह से हट गई। डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन किया। सही समय पर इलाज मिलने से उसकी नजर वापस आ गई। अगर इलाज में देर होती, तो उसकी आंख की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती थी।

आंख क्यों फड़कती है?

आंख का फड़कना अक्सर कोई अपशगुन नहीं होता। यह थकान, कम नींद, ज्यादा तनाव या लंबे समय तक मोबाइल और लैपटॉप देखने की वजह से हो सकता है। ऐसे समय में आराम करना, अच्छी नींद लेना और स्क्रीन का कम इस्तेमाल करना काफी मदद करता है। अगर एक हफ्ते से ज्यादा समय तक फड़कन बनी रहे या चेहरे के दूसरे हिस्सों में भी असर दिखे, तो डॉक्टर को दिखा लेना चाहिए।

पहले भी आ चुका है ऐसा मामला

चीन के हुनान प्रांत में एक महिला की बाईं आंख लंबे समय तक फड़कती रही। उसने इसे शुभ मानकर इलाज नहीं कराया। बाद में उसके चेहरे की मांसपेशियां भी खिंचने लगीं। डॉक्टरों ने बताया कि उसे एक बीमारी हो गई थी, जिसका समय पर इलाज जरूरी था। इस तरह के मामलों से साफ है कि किसी भी परेशानी को अंधविश्वास से जोड़ने की जगह डॉक्टर की सलाह लेना सबसे सही तरीका है।

Created On :   4 July 2026 5:51 PM IST

Tags

Next Story