जल्द लॉन्च होगा Maruti Suzuki Baleno का फेसलिफ्ट वर्जन, तस्वीर लीक

जल्द लॉन्च होगा Maruti Suzuki Baleno का फेसलिफ्ट वर्जन, तस्वीर लीक

Manmohan Prajapati
Update: 2019-01-05 05:35 GMT
जल्द लॉन्च होगा Maruti Suzuki Baleno का फेसलिफ्ट वर्जन, तस्वीर लीक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनियाभर की वाहन कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए अपने वाहनों को दमदार स्टाइल और लेटेस्ट फीचर्स के साथ पेश कर रही हैं। इनमें कई ओल्ड मॉडल भी शामिल हैं, जिन्हें कंपनियां अपग्रेड के साथ लॉन्च कर रही हैं। फिलहाल देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki की प्रीमियम हैचबैक Baleno जल्द नए अवतार में सामने आएगी। हाल ही में इस कार की कुछ तस्वीरें लीक हुई हैं। जिसमें नई Baleno की कुछ जानकारियां सामने आई हैं। 

लीक तस्वीर के अनुसार फेसलिफ्ट Maruti Suzuki Baleno को पहले से अधिक स्टाइलिश बनाया गया है। इसमें नया बंपर और रिवाइज्ड ग्रिल दी गई है। वर्तमान मॉडल की तुलना में कार की ग्रिल बड़ी और स्लिम होगी। वहीं ग्रिल में नीचे की तरफ क्रोम स्ट्रिप दी गई है। 

एक्सटीरियर
नई Baleno में रिडिजाइन किया गया फ्रंट बंपर भी देखा गया है। बंपर के सेंटर पर बड़ा एयर डैम और दोनों ओर अलग-अलग वेंट्स दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें हेडलैम्प क्लस्टर पर क्रोम इंसर्ट्स दिए गए हैं। वर्तमान में इसके अल्फा वेरियंट में प्रोजेक्टर हेडलैम्प दिए गए हैं। संभावना है कि नई Baleno के बेस वेरियंट में ही प्रोजेक्टर हेडलैम्प दिए जा सकते हैं। 

इंटीरियर
बात करें इंटीरियर की तो फिलहाल इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि इसमें कई तरह के बदलाव किए जा सकते हैं और इसको और अधिक बेहतर बनाया जा सकता है। इसमें कई सारे नए फीचर्स जुड़ने की संभावना भी जताई जा रही है।

इंजन
Baleno के फेसलिफ्ट वर्जन में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया है। यह कार दो वेरिएंट पेट्रोल और डीजल में आती है। इसमें 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 82bhp का पावर और 113Nm का पिक टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन दिया गया है। इसके अलावा इस वर्जन में CVT ऑटोमैटिक यूनिट का आप्शन भी मिलता है।

वहीं 1.3 लीटर डीजल इंजन 74bhp का पावर और 190Nm का पिक टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन को 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।

मुकाबला
बता दें कि Maruti Suzuki ने Baleno को साल 2015 में लॉन्च किया था, इसके बाद से कंपनी ने इसमें किसी तरह का अपडेट नहीं किया है। लेकिन अब इसे और अधिक स्टाइल के साथ लॉन्च किया जाएगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि Facelift Maruti Suzuki Baleno का मुकाबला Facelift Hyundai i20 से होगा। 
 

Similar News