करंट से मछली मारने गया था, खुद हुआ मौत का शिकार

करंट से मछली मारने गया था, खुद हुआ मौत का शिकार

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-03 08:20 GMT
करंट से मछली मारने गया था, खुद हुआ मौत का शिकार

डिजिटल डेस्क उमरिया । बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व स्थित बिझरिया गांव में 35 वर्षीय युवक मछली मारने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया है। पुलिस जानकारी अनुसार बाम्बे लॉज समीप चरणगंगा नदी में  अजय बैगा पिता सेमाली रविवार दोपहर दो बजे मछली मारने गया था। नदी किनारे बिजली पोल से तार खींचकर जैसे ही पानी में तार फैलाई। इसी दरमियान अचानक वह भी करंट की चपेट में आकर अचेत होकर पानी में गिर गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद दो अन्य बच्चे डर के मारे भाग गये। मृतक की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। मौका पंचनामा कर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव को पीएम के लिए भेजा है। हालांकि मौत करंट से हुई या फिर पानी में डूबकर कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर भी कारण ज्ञात हो सकेंगे।
विसर्जन से लौट रहे बाइक सवार, हादसाग्रस्त
नौरोजाबाद थाना के महुरा गांव में दुर्गा विसर्जन से लौट रहे दो बाइक सवार हादसे का शिकार हो गये। दोनों को घायल हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार बावलकुण्ड निवासी तेजी लाल पिता विशाली ढोलिया (30) रविवार को दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम से गांव लौट रहा था। महुरा पहुंचते ही सामने से दूसरी बाइक में संतोष सिंह पिता रामदयाल आ गया। अचानक दोनों बाइक अनियंत्रित हुईं और जोरदार टक्कर हो गई। तेजी व संतोष मौके पर ही घायल हालत में घण्टों पड़े रहे। दोनों के पैर, कमर व सिर में चोट बताई गई है। 108 के अभाव में निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रैफर कर दिया गया।
अवैध हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार
डिडौरी निवासी 34 वर्षीय युवक को अवैध हथियार के साथ ताली मोड में पकड़ा गया है। सोमवार को हुई कार्रवाई में आरोपी मनोज सिंह पिता विजय प्रताप सिंह 12 बोर बंदूक लेकर घूम रहा था। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली से टीम रवाना हुई। ताली मोड पहुंचते ही आरोपी को हथियार समेत धरदबोचा। पूछताछ में आरोपी वन्यजीव प्राणियों के शिकार की बात कह रहा था।

 

Similar News