नाराज पत्नी ने कुएं में लगाई छलांग - बचाने को कूदा पति, दोनों की मौत

नाराज पत्नी ने कुएं में लगाई छलांग - बचाने को कूदा पति, दोनों की मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-18 14:03 GMT
नाराज पत्नी ने कुएं में लगाई छलांग - बचाने को कूदा पति, दोनों की मौत

डिजिटल डेस्क उमरिया ।मानपुर थाना के नरवार गांव में पति-पत्नी के बीच आपसी कहासुनी के बाद गुस्साई पत्नी ने कुएं में छलांग लगा दी। आव देखा न ताव पत्नी को डूबता देख खुद जान की बिना परवाह किए पति भी कुएं में बचाने कूद गया। आखिर में दोनों की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। इस तरह न समझी के चलते मामूली विवाद में उठाए गए गलत कदम से तीन बच्चों के ऊपर माता पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर सोमवार शव को कुएं से बाहर निकलवाया। संदेह जताया जा रहा है कि कूदते समय लगी चोट के चलते दोनों की मौत हो गई। बहरहाल पुलिस पीएम व विवेचना उपरांत हत्या के कारणों का खुलासा करने की बात कह रही है।
सास ने समझाया था
पुलिस ने बताया रविवार शाम मृतका अनीता बैगा (26) तथा पति बृजेश बैगा पिता बुद्धा (28) दोनों घर में किसी बात को लेकर बातचीत कर रहे थे। इस बीच कहा सुनी विवाद में तब्दील हो गई। पत्नी अनीता इतनी नाराज हो गई कि उसने खुद को कुएं में कूदकर आत्महत्या की चेतावनी दे डाली। घर में मौजूद सास ने दोनों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने उसकी एक बात न मानी। आखिरकार घर से बाहर निकलकर समीप के कुएं में अनीता बैगा ने छलांग लगा दी। रात के अंधेरे में तेज धड़ाम की आवाज सुनते ही पति बृजेश मौके पर पहुंचा। पत्नी को पानी में डूबता देख उसने आनन-फानन में उसे बचाने नीचे कूदने का निर्णय लिया। कुएं की ऊंचाई व गहराई अधिक होने के कारण दोनों पानी में डूब गए। दर्दनाक हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव पानी में नीचे डूबने के कारण रात में गांव के लोग कुएं में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। अगले दिन पुलिस की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई हुई। शव की शिनाख्त कर निरीक्षण करते हुए मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पीएम कराया गया। देर शाम तक मायके व ससुराल पक्ष की उपस्थिति में दोनों का दाह संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से नरबार गांव में एक साथ दोहरी मौत से सन्नाटा खिंचा हुआ है। 
अनाथ हो गए मृतका के तीन मासूम बच्चे 
प्राथमिक जांच अनुसार घटना के दौरान घर के भीतर पति-पत्नी थे। सास बाहर थी। कई बार समझाने का प्रयास भी किया। ससुर गांव में कहीं गया हुआ था। मृतका के गृहस्थ जीवन में तीन बच्चे भी हैं। इनकी उम्र 7-8 वर्ष से कम बताई जा रही है। घटना के बाद तीनों बच्चे अनाथ हो गए। परिवार में आय का साधन समान्यत: मेहनत मजदूरी करना था। बूढ़ मां बाप का आखिरी सहारा छिनने के बाद मातम का माहौल बना हुआ है। 
इनका कहना है -
घर मेें पति-पत्नी के बीच सामान्य बातों को लेकर कहा सुनी चल रही थी। किसी बात से नाराज होकर पहले पत्नी फिर पति कुएं में कूदा था। दोनों की पानी में डूबकर मौत हो गई। मौका पंचनामा कर पुलिस जांच आरंभ कर दी गई है।
केके त्रिपाठी, टीआई मानपुर।
 

Tags:    

Similar News