उमरिया पहुंचेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, स्टेडियम में करेंगे जनसभा

उमरिया पहुंचेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, स्टेडियम में करेंगे जनसभा

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-01 13:41 GMT
उमरिया पहुंचेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, स्टेडियम में करेंगे जनसभा

डिजिटल डेस्क, उमरिया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह  शनिवार को दूसरी बार उमरिया पहुंच रहे हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर स्टेडियम में भाजपा द्वारा जनसभा का आयोजन किया गया है। कार्यकर्ता सम्मेलन के तौर पर यहां उमरिया के अलावा प्रदेश के साथ ही देश के बड़े नेताओं का कुनबा उपस्थित रहेगा। सभा संबोधन के साथ ही चुनावी शंखनाद होगा। दो घण्टे के दौरे में युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय युवा संकल्प बाइक रैली निकाली जाएगी। तीन विधानसभा के यूथ कार्यकर्ता उमरिया आ चुके हैं। ये लोग बूथ स्तर तक रैली निकालकर चुनाव के पहले माहौल बनाने का काम करेंगे। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय नेताओं के दौरे को देखते हुए पुलिस ने जिले में सुरक्षा बढ़ा दी है। उमरिया के अलावा पड़ोसी जिलों से 400 का अतिरिक्त बल को सुरक्षा दायित्व में लगाया गया है। इनके अलावा सीआरपीएफ का बल भी उमरिया पहुंच चुका है। पुलिस द्वारा उन्हें ड्यूटी पाइंट बताकर मुस्तैद कर दिया गया है। उमरिया जैसे छोटे से जिले में वृहद आयोजन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश है। शहर की गलियां बैनर पोस्टर से अटी हुई हैं।

सुबह 10.45 बजे आएंगे
शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में विजय संकल्प बाइक रैली के बारे में जानकारी देने प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह ने बताया राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार को सुबह 10.45 बजे उमरिया आएंगे। यहां अमर शहीद स्टेडियम में पहले उनकी आम सभा 11 बजे से प्रारंभ होगी। जनमानस के समक्ष वे आगामी चुनाव को लेकर मोदी सरकार के पक्ष में प्रचार करेंगे। फिर प्रदेश के 230 विधानसभा क्षेत्र में शनिवार से ही प्रारंभ हो रही विजय संकल्प बाइक रैली को हरी झण्डी दिखाएंगे। उन्होंने कहा प्रदेशाध्यक्ष अभिलाष पाण्डेय के नेतृत्व में तीन विधानसभा बड़वारा, बांधवगढ़ और मानपुर के युमो. कार्यकर्ता वाहन रैली में शामिल होंगे। पुलिस द्वारा यदि सुरक्षा को लेकर हरी झण्डी दी गई तो राष्ट्रीय अध्यक्ष तकरीबन आधे घण्टे विजय संकल्प रैली में बाइक से नगर भ्रमण भी कर सकते हैं। इसके बाद दोपहर 12.45 बजे अमित शाह वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

उमरिया से विशेष लगाव
आदिवासी जिले उमरिया में भले ही अमित शाह दूसरी बार पहुंच रहे हैं, लेकिन इस दौरे के खासे सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। बताया गया है कि शाह ने कहा था वे विजय संकल्प बाइक रैली के लिए वनवासी जिला जाना चाह रहे थे। पहले यह कार्यक्रम शहडोल में था। फिर संशोधन करते हुए उमरिया में किया गया। इसके पहले अमित शाह विधानसभा चुनाव में उमरिया के स्टेडियम में ही आम सभा कर चुके हैं। उनके दौरे के बाद शहडोल व उमरिया की पांच विधानसभा सीट में भाजपा जीती थी।

दिल्ली, यूपी के नेता भी
प्रेसवार्ता में बताया गया है कि विजय संकल्प रैली में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के केन्द्रीय मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, दिल्ली भाजपा के सतीश उपाध्याय, पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह का भी उमरिया आगमन होगा। ज्यादातर नेता कटनी से सड़क मार्ग होते आज पहुंचेंगे। वहीं इसके पहले लोकसभा प्रभारी गिरीश द्विवेदी, राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ उमरिया में ही डेरा जमाए हुए हैं।

 

Similar News