पानी के लिए प्रदर्शन, निगम के सामने फोड़े मटके, तीन दिनों से बंद पेयजल सप्लाई

पानी के लिए प्रदर्शन, निगम के सामने फोड़े मटके, तीन दिनों से बंद पेयजल सप्लाई

Bhaskar Hindi
Update: 2021-03-20 12:35 GMT
पानी के लिए प्रदर्शन, निगम के सामने फोड़े मटके, तीन दिनों से बंद पेयजल सप्लाई

वार्ड नंबर 19 व 20 के बाशिंदों ने नगर निगम पहुंचकर  किया हंगामा
डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा ।
जल समस्या से जूझ रहे वार्डवासियों ने शुक्रवार को नगर निगम के सामने जमकर हंगामा किया। पिछले तीन दिनों से पर्याप्त पानी नहीं मिलने से नाराज वार्डवासियों ने निगम कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए विरोध में अधिकारियों के सामने मटके फोड़े। काफी देर तक स्थानीय लोगों का विरोध जारी रहा है। जिसके बाद आनन-फानन में निगम अधिकारियों ने टैंकरों से प्रभावित क्षेत्रों में पानी पहुंचाया।
पातालेश्वर और गीताजंलि कॉलोनी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से नगर निगम की जल वितरण व्यवस्था ठप पड़ी थी। वार्ड नं. 19 और 20 में टैंकरों से भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंचाया जा रहा था। वार्डवासियों के साथ-साथ स्थानीय पूर्व पार्षद लगातार शिकायत कर रहे थे, लेकिन उसके बाद भी नगर निगम द्वारा यहां व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा था। शुक्रवार को व्यवस्था से नाराज दोनों ही वार्ड के स्थानीय लोग बड़ी संख्या में नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। जहां अधिकारियों के सामने मटके फोड़ते हुए स्थानीय लोगों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। काफी देर तक यहां हंगामा चला। वार्डवासियों ने नगर निगम ईई एनएस बघेल को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया।
वितरण में गड़बड़ी की वजह क्या...
पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से भरतादेव में बना नगर निगम का ऐनिकट टूट गया था। जिस वजह से कन्हरगांव डेम से होने वाली जल सप्लाई का पानी भरतादेव में स्टोर नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में कहीं पानी ही सप्लाई नहीं हो पा रहा है तो कुछ स्थानों में कम समय के लिए पानी दिया जा रहा है।
माचागोरा डेम   का पानी किया सप्लाई
स्थानीय लोगों के  विरोध के बाद नगर निगम द्वारा शुक्रवार को आनन-फानन में पानी पहुंचाया गया। कन्हरगांव डेम से सप्लाई करने की बजाय माचागोरा से पानी सप्लाई शुरू की गई, ताकि इन क्षेत्रों में नियमित जल सप्लाई हो सके। तब जाकर दोनों ही वार्ड के लोगों को देर शाम पानी दिया गया।
क्या कहते हैं अधिकारी
भरतादेव फिल्टर प्लांट का ऐनिकट टूटने के कारण दिक्कत हो रही है। हालांकि शुक्रवार को माचागोरा डेम से नियमित सप्लाई प्रभावित क्षेत्रों में शुरू कर दी गई। शाम को ही दोनों ही क्षेत्रों की टंकियों को भर दिया गया।
-विवेक चौहान सहायक यंत्री, नगर निगम
 

Tags:    

Similar News