वसूली के लिए माफिया तक जानकारी पहुंचाने वालों पर लगा मकोका, रवि पुजारी गिरोह से जुड़े आरोपी 

वसूली के लिए माफिया तक जानकारी पहुंचाने वालों पर लगा मकोका, रवि पुजारी गिरोह से जुड़े आरोपी 

Tejinder Singh
Update: 2019-01-28 16:16 GMT
वसूली के लिए माफिया तक जानकारी पहुंचाने वालों पर लगा मकोका, रवि पुजारी गिरोह से जुड़े आरोपी 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जबरन वसूली के लिए लोगों से जुड़ी जानकारी माफिया सरगना रवि पुजारी तक पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपियों आकाश शेट्टी और विलियम रॉड्रिग्स पर संगठित अपराध विरोधी कानून मकोका के तहत भी एफआईआर दर्ज की गई है। साल 2019 में मकोका के तहत दर्ज किए जाने वाला यह पहला मामला है। जबरन वसूली विरोधी दस्ते के सीनियर इंस्पेक्टर अजय सावंत की अगुआई में शेट्टी को कुछ दिनों पहले ही कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया था। सावंत ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छानबीन में इस बात के सबूत मिले हैं कि आरोपी वसूली के लिए रवि पुजारी तक लोगों से जुड़ी जानकारी पहुंचाते थे। साथ ही वे गिरोह में दूसरे लोगों की भर्ती भी करते थे।  

क्या है मकोका कानून

महाराष्ट्र सरकार ने साल 1999 में महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ आर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट यानी मकोका बनाया था। इसका मकसद संगठित अपराध और अंडरवर्ल्ड पर शिकंजा कसना था। मकोका के तहत तभी मामला दर्ज किया जा सकता है जब आरोपी के खिलाफ 10 साल में दो संगठित अपराध के मामले दर्ज हों और चार्जशीट दाखिल हो चुकी हो। मकोका के तहत मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों को आसानी से जमानत नहीं मिलती साथ ही पुलिस को आरोपपत्र दाखिल करने के लिए 180 दिनों का वक्त मिलता है। मकोका के तहत कम से कम पांच साल कैद से लेकर फांसी की सजा तक का प्रावधान है।

22 मंजिला इमारत में लगी आग 3 जख्मी

मुलुंड के गव्हाणपाडा इलाके में स्थित एक 22 मंजिला इमारत में सोमवार सुबह आग लग गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकल विभाग ने जल्द आग पर काबू पा लिया। धुएं से दम घुटने के चलते एक बुजुर्ग समेत तीन लोगों को अस्पताल में दाखिल कराना पड़ा। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। डेस्टिनी हाइट नाम की इमारत में आग सुबह साढ़े नौ बजे के करीब लगी। आग की लपटें देखकर इमारत के रहिवासियों में अफरातफरी मच गई। आग लगने की वजह क्या है इसकी छानबीन की जा रही है।  


 

Similar News