कांग्रेस का आरोप- गडकरी ने किया नौसेना का अपमान

कांग्रेस का आरोप- गडकरी ने किया नौसेना का अपमान

Tejinder Singh
Update: 2018-01-12 15:40 GMT
कांग्रेस का आरोप- गडकरी ने किया नौसेना का अपमान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कहा है कि उन्होंने भारतीय नौसेना का अपमान किया है। इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि गुरुवार को क्रुज टर्मिनस के भूमिपूजन के दौरान गडकरी ने नौसेना पर नाराज होते हुए कहा था कि उनको दक्षिण मुंबई में एक इंच जमीन नहीं देंगे। वे जाकर पाकिस्तान सीमा पर लड़ें, यहां मुंबई में उनका क्या काम। कांग्रेस नेता ने कहा कि आखिर केंद्रीय मंत्री गडकरी को समुद्र में तैरने वाले होटलों में इतनी रुचि क्यों है। उन्होंने कहा कि 26-11 मुंबई हमले के बाद सुरक्षा को लेकर अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके पहले भी मुंबई में हेलिपैड बनाने को लेकर नौसेना ने आपत्ति जताई थी। मुंबई शहर पाकिस्तानी आतंकियों की हिटलिस्ट में है। इस लिए इस शहर की सुरक्षा के लिए मुंबई में नौसेना की जरूरत है पर केंद्रीय मंत्री जैसे पद पर बैठा व्यक्ति नौसेना को हतोत्साहित करने में लगा है। सावंत ने कहा कि क्या गडकरी पाकिस्तान की मदद करना चाहते हैं।  

ये है मामला

आपको बता दें नरीमन प्वाइंट पर समुद्र में तैरते होटल के लिए नौसेना द्वारा आपत्ति जताए जाने पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का गुस्सा फूट पड़ा था। गडकरी ने कहा था कि नौसेना की आपत्ति की वजह से बाम्बे हाईकोर्ट ने समुद्र में तैरते होटल तक जाने के लिए जेटी बनाने पर रोक लगा दी। गडकरी ने कहा कि पूरे मालाबार हिल परिसर में नौसेना नहीं है। उस जगह से नौसेना का कोई लेना देना नहीं है। लेकिन इनको काम में रोड़ा अटकाने की आदत है। गुरुवार को क्रुज टर्मिनस इमारत के भूमिपूजन के मौके पर गडकरी ने कहा था कि मुंबई पोर्ट ट्रस्ट मेरे पास प्रस्ताव लेकर आए। मैं इसको मंजूरी दूंगा। हम सरकार हैं। नौसेना और रक्षा मंत्रालय सरकार नहीं है। 

Similar News