संख्या बढ़ी फिर भी मतदान में पीछे हैं किन्नर, नागपुर में 77 से 11 ने ही डाला वोट

संख्या बढ़ी फिर भी मतदान में पीछे हैं किन्नर, नागपुर में 77 से 11 ने ही डाला वोट

Tejinder Singh
Update: 2019-05-03 16:13 GMT
संख्या बढ़ी फिर भी मतदान में पीछे हैं किन्नर, नागपुर में 77 से 11 ने ही डाला वोट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में साल 2014 की तुलना में साल 2019 के लोकसभा चुनाव में किन्नर मतदाताओं की संख्या में लगभग तीन गुना बढोतरी हुई पर करीब तीन चौथाई किन्नर मतदाताओं ने मतदान के प्रति बेरुखी दिखाई। प्रदेश की 48 सीटों पर चार चरणों में हुए मतदान में किन्नर मतदातओं की वोटिंग 25.06 प्रतिशत ही रही। प्रदेश भर में फिलहाल कुल 2406 किन्नर मतदाता हैं लेकिन केवल 603 किन्नर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। वहीं साल 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान 856 किन्नर मतदाता थे जिनमें से 247 किन्नरों ने वोट डाले थे। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में किन्नर मतदाताओं का वोटिंग प्रतिशत 28.86 था। प्रदेश में साल 2014 के मुकाबले साल 2019 के लोकसभा चुनाव में किन्नर मतदाताओं ने 3.26 प्रतिशत कम मतदान किया है। 

प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार साल 2019 के लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक उत्तर मुंबई सीट पर किन्नरों ने मतदान किया। उत्तर मुंबई सीट पर 332 किन्नरों में से 167 किन्नर वोटर ने वोट डाले। कल्याण सीट पर 273 में से 72 किन्नरों ने मतदान किया। वहीं नंदूरबार सीट पर 22 में से 3, धुलिया में 21 में से 7, जलगांव सीट पर 64 में से 13 किन्नर, रावेर सीट पर 29 में से 1, बुलढाणा सीट पर 8 में से 1, अकोला सीट पर 48 में से 7, अमरावती सीट 37 पर में से 7 किन्नर, वर्धा सीट पर 18 में से 6 किन्नर, रामटेक सीट पर 32 में से 2 किन्नर, नागपुर में 77 में से 11, गडचिरोली-चिमूर सीट पर 3 में से 1 किन्नर, चंद्रपुर सीट पर 25 में से 5 किन्नर, यवतमाल- वाशिम सीट पर 33 में से 2 किन्नर, हिंगोली सीट पर 13 में से 1 किन्नर, नांदेड़ सीट पर 63 में से 12 किन्नर, जालना सीट पर 8 में से 1 किन्नर, औरंगाबाद सीट पर 25 में से 5 किन्नर, दिंडोरी सीट पर 11 में से 3, नाशिक सीट पर 15 में से 5 किन्नर, पालघर सीट पर 111 में से 24 किन्नर, भिंवडी सीट पर 115 में से 16 किन्नर, ठाणे सीट पर 64 में से 16 किन्नर, उत्तर-पश्चिम मुंबई सीट पर 18 में से 4 किन्नर, उत्तर-पूर्व मुंबई सीट पर 140 में से 39, उत्तर-मध्य मुंबई सीट पर 22 में से 5 किन्नर मतदाता वोटिंग के लिए पहुंचे जबकि इस सीट से एक किन्नर उम्मीदवार चुनाव भी लड़ रहा था। इसी तरह दक्षिण-मध्य मुंबई सीट पर 91 में से 32, दक्षिण मुंबई सीट पर 23 में से 5 किन्नर मतदाता ने वोटिंग की है। जबकि परभणी सीट पर 10, भंडारा-गोंदिया सीट 2 और रायगड सीट पर 3 किन्नर मतदाता हैं पर इन तीनों सीटों पर एक भी किन्नर ने मतदान नहीं किया है। 

साल 2019 लोकसभा चुनाव 

किन्नर मतदाता     मतदान करने वाले किन्नर        मतदान प्रतिशत 
       2406                       603                              25.06

साल 2014 लोकसभा चुनाव 

किन्नर मतदाता     मतदान करने वाले किन्नर    मतदान प्रतिशत 

856                         247                                   28.56  

केवल 0.47 प्रतिशत ज्यादा मतदान 

इस साल 2019 में महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर चार चरणों में हुए चुनाव में कुल 60.79 प्रतिशत मतदान हुआ है। जबकि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश में 60.32 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। साल 2014 की तुलना में इस साल महज 0.47 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ है। जबकि साल 2014 के चुनाव में साल 2009 की तुलना में 9.55 अधिक मतदान हुआ था। चुनाव आयोग को उम्मीद थी कि इस साल भी लगभग 10 प्रतिशत मतदान बढ़ेगा पर ऐसा नहीं हुआ। 

तीन लोकसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत 

लोकसभा चुनाव साल        मतदान प्रतिशत

2019                             60.79  
2014                             60.32
2009                             50.97

Tags:    

Similar News