मुंबई में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध- रेप के मामलों में 14 फीसदी की बढ़ोतरी

मुंबई में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध- रेप के मामलों में 14 फीसदी की बढ़ोतरी

Tejinder Singh
Update: 2020-01-16 13:48 GMT
मुंबई में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध- रेप के मामलों में 14 फीसदी की बढ़ोतरी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित माने जानी वाले मुंबई शहर में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। साल 2018 के मुकाबले साल 2019 में बलात्कार के 14 फीसदी ज्यादा मामले दर्ज किए गए। महिलाओं के खिलाफ होने वाले कुल अपराधों में भी करीब आठ फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। साल 2018 में मुंबई में महिलाओं के खिलाफ कुल 5978 अपराध हुए थे जो साल 2019 में बढ़कर 6438 हो गए। बलात्कार के मामलों में 61 फीसदी शिकार नाबालिग लड़कियां रहीं।  

मुंबई पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक साल 2019 में महानगर में बलात्कार के 1015 मामले दर्ज किए गए जिनमें से पीड़ित 622 नाबालिग और 393 बालिग हैं। इस दौरान छेड़छाड़ के भी 2678 मामले दर्ज किए गए। छेड़छाड़ का शिकार होने वालों में भी 609 नाबालिग बच्चियां थीं। साल 2018 में बलात्कार के 889 जबकि छेड़छाड़ के 2586 मामले दर्ज किए गए थे। महिलाओं की हत्या के मामले भी बढ़े हैं साल 2018 में महिलाओं की हत्या के 20 मामले सामने आए थे जो साल 2019 में बढ़कर 38 हो गए। महानगर में होने वाले कुल अपराध भी बढ़े हैं साल 2018 में मुंबई में कुल 41901 आपराधिक मामले दर्ज किए थे जो साल 2019 में बढ़कर 41931 हो गए। पुलिस इनमें से 31 फीसदी मामलों को सुलझा नहीं पाई है।    

चोरी और मारपीट के मामले हुए कम

महानगर में सबसे ज्यादा दर्ज किए जाने वाले चोरी के मामलों में बीते साल कुछ कमी आई है। साल 2019 में घरों में चोरी की 5888 शिकायतें दर्ज की गईं जो 2018 में दर्ज 6260 के मुकाबले काफी कम है। डकैती, गाड़ी चोरी, मारपीट, दंगों के मामलों में भी काफी कमी दर्ज की गई। 

महानगर में बढ़ रहे महिलाओं के खिलाफ अपराध

साल       बलात्कार        छेड़छाड़       कुल अपराध 
2019      1015            2678          6438
2018       889            2586          5978
2017       751            2268          5425


 

Tags:    

Similar News