लोकायुक्त का छापा, क्लर्क के पास मिली 72 लाख की प्रापर्टी

लोकायुक्त का छापा, क्लर्क के पास मिली 72 लाख की प्रापर्टी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-16 07:46 GMT
लोकायुक्त का छापा, क्लर्क के पास मिली 72 लाख की प्रापर्टी

डिजिटल डेस्क  सतना। ३ साल पहले २० हजार की रिश्वत से साथ रंगे हाथ लोकायुक्त के हत्थे चढ़े पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के  क्लर्क (सहायक ग्रेड-३) शिवकुमार सिंह के पास लोकायुक्त को शुरुआती पड़ताल में तकरीबन ७२ लाख की प्रापर्टी मिली है। एसपी लोकायुक्त संजीव सिन्हा ने बताया कि अनुपात हीन संपत्ति की शिकायत पर क्लर्क के उमरी स्थित घर पर सोमवार को ३२ सदस्यीय टीम ने छापामार कार्यवाही करते हुए पड़ताल की। जांच अभी जारी रहेगी। आय से ज्यादा संपत्ति के मामले में आरोपी क्लर्क शिव कुमार सिंह के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम १९८८ की धारा १३(१)(ई) एवं १३ (२) के तहत केस रजिस्टर्ड किया गया है।  इससे पहले सुबह ६ बजे जिस वक्त लोकायुक्त की टीम उनके घर पर पहुंची वो गहरी नींद में थे। पत्नी चंपा,पुत्र धनेश और बेटी माया भी घर पर ही मौजूद थे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अरविंद तिवारी कर रहे थे।  
पहले भी पकड़े जा चुके हैं रंगे हाथ
सोहावल जनपद में लिपिक रहे शिव कुमार सिंह को वर्ष  २०१५ में लोकायुक्त ने उन्हें २० हजार रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथ पकड़ा था। मामला कोर्ट में है। इस धरपकड़ के बाद शिवकुमार जिला पंचायत के कार्यलय की लूप लाइन से अटैच कर दिए गए थे।  अनुपातहीन सम्पत्ति अर्जित किये जाने के आरोपी शिवकुमार सिंह पंचायत विभाग में १९८६ से सेवारत हैं। वर्ष २००० में बतौर लिपिक इन्हें सोहावल के जनपद कार्यालय में पोस्टिंग मिली थी। मौजूदा समय में उनका मासिक वेतन     ३४ हजार रुपए है।
बैंकों से भी लेंगे ब्यौरा
लोकायुक्त की टीम ने लिपिक के घर छापामारी करते हुए एक-एक सामान की जानकारी एकत्रित की है। उमरी स्थित  भवन की कीमत लगभग २५ लाख रुपए आंकी गई है।  जमीन की ४ रजिस्ट्री मिली हैं। एलआईसी पालिसी और कई बैंक खाते भी मिले हैं। इनके पास ३ दुपहिया वाहन भी हैं। लोकायुक्त  कार्यवाही अभी जारी रहेगी। बैंकों से ट्रंाजेक्शन के बारे में जानकारी एकत्रित की जाएगी।
अब तक क्या हाथ लगा
मकान: लगभग २५ लाख; जमीन - लगभग १९ लाख ;
आभूषण - ४ लाख; गृहस्थी का सामान- ९ लाख; बैंक जमा- साढ़े ७ लाख ; एलआईसी- साढ़े ५ लाख ;वाहन - लगभग ढाई लाख
 इनका कहना है
पंचायत विभाग के बाबू के विरुद्ध अनुपातहीन सम्पत्ति अर्जित करने की शिकायत पर छापामार कार्यवाही करते हुए पड़ताल शुरु की गई है। प्रथम दृष्टया आरोप सिद्ध पाए गए हैं।  पड़ताल अभी जारी है।
संजीव सिन्हा, एसपी लोकायुक्त

 

Similar News