लोकसभा चुनाव के लिए तीनों विकल्पों पर करें काम : मल्लिकार्जुन खड़गे

लोकसभा चुनाव के लिए तीनों विकल्पों पर करें काम : मल्लिकार्जुन खड़गे

Tejinder Singh
Update: 2018-07-08 09:21 GMT
लोकसभा चुनाव के लिए तीनों विकल्पों पर करें काम : मल्लिकार्जुन खड़गे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस के महासचिव व महाराष्ट्र प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी के पदाधिकारियों और नेताओं को आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए जुटने को कहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को तीनों विकल्पों को ध्यान में रखते हुए चुनावी तैयारी करनी चाहिए। खड़गे ने नेताओं को गुटबाजी मिटा करके एक साथ काम करने की नसीहत दी है। प्रदेश का प्रभारी बनने के बाद पहली बार दो दिवसीय मुंबई दौरे पर आए खड़गे ने रविवार को दादर स्थित तिलक भवन में जिला अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की।

सूत्रों के अनुसार खड़गे ने बैठक में कहा कि आगामी चुनाव के लिए पार्टी के पास तीन विकल्प है। पहला चुनाव के लिए कांग्रेस अकेले मैदान में उतरे। दूसरा पार्टी का राष्ट्रवादी कांग्रेस के साथ गठबंधन बने और तीसरा कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस समेत दूसरे दलों को मिलाकर महागठबंधन बन जाए। खड़गे ने कहा कि पार्टी को इन तीनों स्थितियों के लिए अभी से तैयारी करनी पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रवादी कांग्रेस से राज्य में गठबंधन नहीं हो पाता है तो उस स्थिति में पार्टी की क्या रणनीति रहेगी। इस पर अभी से विचार किया जाना चाहिए। खड़गे ने कहा कि यगि महागठबंधन होता है तो वह देश भर के लिए होगा। वही महागठबंधन विधानसभा चुनाव में भी जारी रहेगा। खड़गे ने कहा कि यदि गठबंधन होता है तो दोनों दलों का फायदा होगा। बैठक में खड़गे ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो पार्टी को सत्ता और सरकार में आ सकेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं को आपसी मतेभदों को जिला स्तर पर भी सुलझा लेना चाहिए। सभी को आपसी मनमुटाव भूला करके एक साथ काम करना चाहिए। खड़गे ने कहा कि पार्टी फिलहाल सत्ता में नहीं है। इस कारण कई लोग पार्टी से दूर चले गए हैं। उनकी नाराजगी है कि उन्हें पार्टी में कुछ नहीं मिला। ऐसे लोगों को समझा करके पार्टी से जोड़ने की कोशिश की जानी चाहिए। खड़गे ने संकेत दिया कि महाराष्ट्र के लिए दो और सहप्रभारी नियुक्त किए जाएंगे।

Similar News