महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा पद हैं रिक्त, आरटीआई में हुआ खुलासा

महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा पद हैं रिक्त, आरटीआई में हुआ खुलासा

Tejinder Singh
Update: 2021-07-15 12:56 GMT
महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा पद हैं रिक्त, आरटीआई में हुआ खुलासा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मौजूदा समय में राज्य में दो लाख से ज्यादा पद रिक्त हैं। सूचना के अधिकार कानून के तहत राज्य सरकार से यह जानकारी मिली है। रिक्त पदों की संख्या और ज्यादा हो सकती है, क्योंकि 29 में 16 विभाग ऐसे हैं, जिसके आंकड़े पुराने हैं और उन्हें अपडेट किया जाना बाकी है।आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने 18 जून 2021 को राज्य सरकार को आवेदन देकर राज्य में विभिन्न सरकारी विभागों में सभी स्वीकृत पदों के साथ भरे हुए और रिक्त पदों की जानकारी मांगी थी। सामान्य प्रशासन विभाग ने महाराष्ट्र सरकार और जिला परिषदों में रिक्त पदों की जो जानकारी उपलब्ध कराई उसके मुताबिक सरकारी ग्रुप ए, बी, सी और डी श्रेणियों में 31 दिसंबर 2019 तक रिक्त पदों की संख्या दो लाख 193 है। आंकड़ों के मुताबिक राज्य के 29 विभागों और जिला परिषदों में कुल स्वीकृत पदों की संख्या 10 लाख 99 हजार 104 हैं। इनमें से 8 लाख 98 हजार 911 पदों पर कर्मचारी नियुक्त हैं। 

सरकार से उपलब्ध आंकड़ों के तहत 29 विभागों में 31 दिसंबर 2018 तक की ही जानकारी उपलब्ध है। जिन विभागों में अब भी साढ़े तीन साल से पुराने आंकड़े ही मौजूद है, उनमें गृहविभाग के चार, राजस्व एवं वन विभाग के तीन विभागों के साथ चिकित्सा शिक्षा एवं औषधि, सामाजिक न्याय, शहरी विकास, कौशल विकास एवं उद्यमिता, ग्रामीण विकास विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, मृदा एवं जल संरक्षण, आवास विभाग, अल्पसंख्यक विकास विभाग शामिल हैं। गलगली ने कहा कि बड़ी संख्या में रिक्तियों का सीधा असर कामकाज पर पड़ता है जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। गलगली ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर रिक्त पद जल्द से जल्द भरने की मांग की है। 
 

Tags:    

Similar News